हल्द्वानी - कैंची धाम जाम, वन्यजीव हमले और महिला सुरक्षा पर UKD का सरकार पर हमला, सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा यह ज्ञापन
हल्द्वानी - उत्तराखंड क्रांति दल ने राज्य की विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर सरकार को सिटी मजिस्ट्रेट हल्द्वानी के ज्ञापन सौंपते हुए त्वरित समाधान की मांग की है। पार्टी ने कैंची धाम क्षेत्र में लगातार लग रहे भीषण जाम, बढ़ते वन्यजीव हमलों और महिला सुरक्षा के मुद्दों को गंभीर बताते हुए सरकार पर लापरवाही का आरोप लगाया।
यूकेडी नेताओं ने कहा कि कैंची धाम में भारी संख्या में पहुंच रहे श्रद्धालुओं और पर्यटकों के कारण यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। जाम की स्थिति इतनी गंभीर हो चुकी है कि मरीजों को हल्द्वानी पहुंचने में घंटों लग रहे हैं और कई यात्रियों की ट्रेनें तक छूट रही हैं। पार्टी ने कहा कि पर्यटन और धार्मिक आस्था का स्वागत है, लेकिन पर्याप्त व्यवस्थाओं के अभाव में स्थानीय लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
इसके साथ ही यूकेडी ने राज्य में बढ़ रहे जंगली जानवरों के हमलों पर चिंता जताई। पार्टी का कहना है कि वन्यजीव हमलों में कई लोगों की जान जा चुकी है, जिससे ग्रामीण इलाकों में दहशत का माहौल बना हुआ है। महिलाओं पर बढ़ते अत्याचारों का मुद्दा उठाते हुए दल ने महिला सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े किए। ज्ञापन में सरकार से मांग की गई कि संबंधित अधिकारियों को निर्देश देकर इन समस्याओं का शीघ्र समाधान कराया जाए। यूकेडी ने चेतावनी दी कि यदि समस्याओं का जल्द निस्तारण नहीं हुआ तो पार्टी स्थानीय लोगों को साथ लेकर आंदोलन करने को मजबूर होगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी सरकार और प्रशासन की होगी।