हल्द्वानी - गजब, रात में सड़क पर हुआ डामरीकरण, अगली सुबह फिर खोद दी गई, लापरवाहों के खिलाफ DM ने बिठा दी जांच
हल्द्वानी (नैनीताल) - देवलचौड़ चौराहे पर लोक निर्माण विभाग (PWD) की घोर लापरवाही सामने आई है। एक ओर जहां रात में सड़क का डामरीकरण कर उसे नया रूप दिया गया, वहीं अगली ही सुबह पेयजल लाइन बिछाने के लिए उसी सड़क को फिर से बुलडोजर से खोद डाला गया। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी वंदना ने इसे "अत्यंत गैर-जिम्मेदाराना कृत्य" मानते हुए दोषियों पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
डीएम ने NOC और समन्वय की कमी को बताया कारण -
डीएम वंदना ने जानकारी दी कि पेयजल लाइन बिछाने के लिए संबंधित कार्यदायी संस्था ने लोक निर्माण विभाग से एनओसी (NOC) ली हुई थी। इसके बावजूद विभाग के अधिकारियों के बीच समन्वय का पूर्ण अभाव रहा और बिना योजना के सड़क पर एक दिन पहले डामरीकरण कर दिया गया।
लापरवाह अफसरों पर वेतन से होगी वसूली -
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए हैं कि जिस हिस्से में सड़क बनाई गई थी, उसके निर्माण कार्य का भुगतान संबंधित लापरवाह अधिकारी के वेतन से कटौती कर वसूला जाए। साथ ही, संबंधित अधिकारी को एक प्रतिकूल प्रविष्टि (Adverse Entry) भी दी जाए। डीएम ने कहा कि इस प्रकार की लापरवाही भविष्य में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
सरकारी धनराशि से नहीं होगा भुगतान -
इस मामले में अधीक्षण अभियंता लोक निर्माण विभाग, नैनीताल ने जिलाधिकारी को आश्वस्त किया है कि इस कार्य का भुगतान सरकारी धन से नहीं किया जाएगा और जिम्मेदारों पर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। जिलाधिकारी वंदना ने इस मामले की जानकारी सचिव, लोक निर्माण विभाग और सचिव, मुख्यमंत्री को भी अवगत कराने हेतु रिपोर्ट भेज दी है।