हल्द्वानी - स्नातक परीक्षा नकल प्रकरण जांच आयोग की जनसुनवाई हल्द्वानी से शुरू, छात्रों ने रखी खुलकर बात

 

हल्द्वानी - स्नातक प्रतियोगी परीक्षा-2025 में सामने आए कथित नकल प्रकरण की जांच के लिए गठित एकल सदस्यीय जांच आयोग की दो दिवसीय जनसुनवाई एवं जन संवाद प्रक्रिया मंगलवार को हल्द्वानी से शुरू हो गई। इस जांच आयोग की अध्यक्षता  न्यायमूर्ति (सेवानिवृत्त) यू.सी. ध्यानी कर रहे हैं। आयोग की जनसुनवाई का उद्देश्य सभी प्रतियोगी अभ्यर्थियों, नागरिकों, शिक्षकों और संबंधित हितधारकों की शिकायतों, सुझावों और शंकाओं को सीधे सुनना और जांच प्रक्रिया को पारदर्शी व निष्पक्ष बनाना है।

छात्रों ने रखी खुलकर बात - 
जनसुनवाई के दौरान बड़ी संख्या में अभ्यर्थी, शिक्षक, मीडियाकर्मी और आम नागरिक मौजूद रहे। अभ्यर्थियों ने परीक्षा में कथित धांधली, पेपर लीक की आशंका और निष्पक्ष परीक्षा की मांग को प्रमुखता से आयोग के समक्ष रखा। कुछ प्रमुख सुझावों में शामिल थे - 
परीक्षा को पूरी तरह नकल विहीन बनाया जाए
UKSSSC द्वारा कराई गई परीक्षा रद्द की जाए और दोबारा आयोजन हो
जिम्मेदार अधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई हो
सुझावों को जांच में किया जाएगा शामिल

आयोग ने सभी प्रतिभागियों की बातों को गंभीरता से सुना और भरोसा दिलाया कि सभी सुझावों व शिकायतों को जांच प्रक्रिया में शामिल किया जाएगा। आयोग का कहना है कि वह निष्पक्ष और पारदर्शी जांच सुनिश्चित करेगा, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

अगली सुनवाई रुद्रपुर में - 
जांच आयोग की अगली जनसुनवाई कल हल्द्वानी और रुद्रपुर दोनों स्थानों पर आयोजित की जाएगी, जिससे अधिक से अधिक लोग अपनी बात आयोग के समक्ष रख सकें।