हल्द्वानी- गोरापड़ाव डकैती कांड का पुलिस ने किया खुलासा, दो और शातिर आरोपी गिरफ्तार

दो तमंचे, चार जिंदा कारतूस, वरना कार और 1.40 लाख रुपये की लूटी गई नकदी बरामद

 

हल्द्वानी। गोरापड़ाव में 19 अगस्त को हुई सनसनीखेज डकैती के मामले में नैनीताल पुलिस ने कार्रवाई तेज करते हुए दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से दो अवैध तमंचे, चार जिंदा कारतूस, घटना में प्रयुक्त वरना कार और लूटी गई रकम में से 1.40 लाख रुपये बरामद किए हैं। इस मामले में अब तक आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।


जानकारी के अनुसार 19 अगस्त को डायल-112 के माध्यम से पुलिस को गोरापड़ाव क्षेत्र में 10-12 हथियारबंद लोगों द्वारा लूटपाट किए जाने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस को वादी नारायण दास ने बताया कि हथियारबंद बदमाशों ने केआईवाई शोरूम के पीछे स्थित उनके कार्यालय और गैराज में डकैती डालकर करीब आठ लाख रुपये की नकदी, 12 मोबाइल फोन तथा तीन सोने की चेन और अंगूठियों समेत अन्य सामान लूट लिया। मामले में कोतवाली हल्द्वानी में एफआईआर संख्या 284/26, धारा 310(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।


घटना को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए करीब 50 पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की विशेष टीम गठित की। टीम में एसपी क्राइम/ट्रैफिक, एसपी हल्द्वानी, अपर पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी के साथ विभिन्न थाना पुलिस, एसओजी, साइबर टीम, क्राइम विशेषज्ञ, बीडीएस, डॉग स्क्वायड और क्राइम सीन विशेषज्ञों को शामिल किया गया।
पुलिस टीमों ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही सर्विलांस और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की। इससे पहले पुलिस इस मामले में यश सिडाना, वंशप्रीत सिंह उर्फ पन्नू, रखवीर सिंह, अमनदीप सिंह, शिवराज सिंह और अफजल मलिक को गिरफ्तार कर चुकी है।

 


इसी क्रम में पुलिस टीम ने 27 अगस्त को तकनीकी साक्ष्यों और मैनुअल इंटेलिजेंस के आधार पर हल्द्वानी-पंतनगर एयरपोर्ट के पीछे से दो अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान साहब सिंह उर्फ साबी पुत्र जसवंत सिंह, निवासी गज्जीपुर, थाना मिलक खानम, जिला रामपुर, उम्र 27 वर्ष और गुरवन्त सिंह उर्फ गोपी पुत्र जसवीर सिंह, निवासी नूरपुर, थाना स्वार, जिला रामपुर, उम्र 26 वर्ष के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार साहब सिंह के कब्जे से 315 बोर का अवैध तमंचा, दो जिंदा कारतूस, 89,700 रुपये की नकदी और वरना कार बरामद की गई। वहीं गुरवन्त सिंह के कब्जे से 315 बोर का तमंचा, दो जिंदा कारतूस और 50,300 रुपये बरामद हुए। दोनों से कुल 1.40 लाख रुपये की लूटी गई नकदी बरामद हुई है।


बरामदगी के आधार पर मुकदमे में बीएनएस की धारा 317(2) और आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 की बढ़ोतरी की गई है। पुलिस दोनों आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटा रही है। वहीं पुलिस टीम की इस कार्रवाई पर एसएसपी नैनीताल ने टीम का उत्साहवर्धन करते हुए 2500 रुपये के पुरस्कार से सम्मानित किया है।