हल्द्वानी - भूत-प्रेत की अफवाह से ललित आर्य महिला इंटर कॉलेज में मची अफरा-तफरी, छात्राएं रोते हुए लौटीं

 

हल्द्वानी - बनभूलपुरा क्षेत्र स्थित ललित आर्य महिला इंटर कॉलेज में सोमवार को यूनिट टेस्ट के दौरान उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब कुछ छात्राओं की अचानक तबीयत बिगड़ गई। एक छात्रा के चीखने-चिल्लाने के बाद अन्य छात्राएं भी घबरा गईं। देखते ही देखते करीब चार-पांच छात्राओं में डर और घबराहट का माहौल बन गया।


घटना के बाद क्षेत्र में छात्राओं पर कथित भूत-प्रेत की बाधा होने की अफवाह फैल गई, जिससे स्कूल में दहशत का माहौल बन गया। कई छात्राएं रोते हुए घर जाने लगीं। स्थिति को देखते हुए स्कूल प्रशासन ने तत्काल हस्तक्षेप करते हुए छात्राओं को सुरक्षित घर भेजने के लिए स्कूल की छुट्टी कर दी।


स्कूल की प्रवक्ता नीलम ने बताया कि सोमवार को कक्षा 10 और 11 की छात्राओं के यूनिट टेस्ट चल रहे थे। इसी दौरान एक-दो छात्राओं ने चक्कर आने और तबीयत खराब होने की शिकायत की। एक छात्रा के अचानक चीखने पर आसपास की छात्राएं भी डर गईं और घबराहट का माहौल बन गया।

प्रवक्ता ने स्पष्ट किया कि छात्राओं की तबीयत बिगड़ने के पीछे भूत-प्रेत जैसी कोई बात नहीं है। अचानक पैदा हुई घबराहट और डर के कारण स्थिति बिगड़ी थी। स्कूल प्रशासन ने समय रहते स्थिति को नियंत्रित कर लिया। घटना के बाद फैली अफवाह के चलते हालांकि क्षेत्र में काफी देर तक चर्चा का माहौल बना रहा।