हल्द्वानी - नशे पर बड़ा प्रहार, 300 नशीले इंजेक्शन के साथ बनभूलपुरा निवासी मौ.रफी गिरफ्तार, पहले भी गया है जेल
हल्द्वानी - लालकुआं पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 300 नशीले इंजेक्शन के साथ एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टीसी के नेतृत्व में चलाए जा रहे “नशामुक्त उत्तराखण्ड” अभियान के तहत की गई। एसएसपी के निर्देश पर एसपी सिटी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल, क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी/लालकुआं अमित कुमार तथा प्रभारी निरीक्षक कोतवाली लालकुआं ब्रजमोहन सिंह राणा के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान सुभाषनगर बैरियर के पास से पुलिस ने संदिग्ध युवक को रोककर तलाशी ली, जिसमें उसके कब्जे से 300 अवैध नशीले इंजेक्शन बरामद हुए।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान मौ० रफी पुत्र शकील अहमद निवासी वार्ड नंबर 14, उजालानगर, बनभूलपुरा जनपद नैनीताल के रूप में हुई है। बरामदगी में Avil इंजेक्शन – 150 अदद, Buprenorphine Injection IP – 150 अदद (कुल 300 नशीले इंजेक्शन) बरामद हुए। इस संबंध में कोतवाली लालकुआं में एफआईआर नंबर 38/26 धारा 8/22/29 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की गई है। अभियुक्त के विरुद्ध पूर्व में कोतवाली किच्छा में एफआईआर नंबर 82/25 धारा 8/22 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज है।
सप्लायर की तलाश जारी -
पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि वह उक्त इंजेक्शन बहेड़ी फाटक, बरेली निवासी एक व्यक्ति से खरीदकर लाया था। पुलिस ने मामले में धारा 29 एनडीपीएस एक्ट की बढ़ोत्तरी करते हुए सप्लायर की गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए हैं। पुलिस का कहना है कि जनपद को नशामुक्त बनाने के लिए अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और नशा तस्करों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।