हल्द्वानी - फ्रिज के नीचे फंसी गेंद निकालते समय मासूम को करंट लगने से हुई मौत, परिवार में मचा कोहराम

 

हल्द्वानी - शहर के राजपुरा क्षेत्र में गुरुवार को एक दर्दनाक हादसे में एक साल के मासूम बच्चे की करंट लगने से मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब बच्चा घर में खेलते-खेलते फ्रिज के नीचे फंसी अपनी गेंद निकालने की कोशिश कर रहा था। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। जानकारी के अनुसार, राजपुरा क्षेत्र के टनकपुर रोड स्थित जवाहर नगर गौला गेट निवासी शुभहान का एक वर्षीय बेटा हस्सान घर में खेल रहा था। इसी दौरान उसकी गेंद फ्रिज के नीचे चली गई। मासूम जैसे ही गेंद निकालने के लिए फ्रिज के नीचे हाथ डालने लगा, वह करंट की चपेट में आ गया।

परिजनों ने किसी तरह बिजली सप्लाई बंद कर बच्चे को फ्रिज से अलग किया और तत्काल बेस अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद अस्पताल में बच्चे की मां का रो-रोकर बुरा हाल था। पिता शुभहान भी सदमे में हैं। बताया जा रहा है कि परिवार में तीन बच्चे हैं, जिनमें हस्सान सबसे छोटा था। मासूम की मौत से पूरे इलाके में शोक की लहर है।

हल्द्वानी कोतवाल विजय सिंह मेहता ने बताया कि प्रारंभिक जांच में फ्रिज में करंट उतरने की बात सामने आई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।