हल्द्वानी - रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की रैली से पहले कमिश्नर, DM की हाई प्रोफाइल बैठक, एक्टिव हुआ सरकारी अमला
हल्द्वानी - राज्य सरकार के चार वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर कुमाऊं क्षेत्र में 21 मार्च को एक बड़ा कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। यह आयोजन कुमाऊं के प्रवेश द्वार हल्द्वानी स्थित एमबी ग्राउंड में होगा, जिसमें केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होकर विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। कार्यक्रम को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में सरकार के चार वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित इस कार्यक्रम को “सरकार के 4 साल बेमिसाल” थीम के तहत मनाया जाएगा। इस अवसर पर कई विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास भी किया जाएगा।
कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा हेतु कुमाऊं कमिश्नर एवं सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में नैनीताल एवं उधम सिंह नगर जिलों के जिलाधिकारियों सहित संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया। बैठक के दौरान कुमाऊं कमिश्नर दीपक रावत ने कार्यक्रम की रूपरेखा, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, जनसुविधाओं तथा मंच व्यवस्था सहित सभी आवश्यक तैयारियों को लेकर विस्तृत दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को समयबद्ध एवं समन्वित तरीके से कार्य पूरा करने के निर्देश भी दिए।
बताया जा रहा है कि केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह अपने दौरे के दौरान विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। इस आयोजन को लेकर प्रशासनिक स्तर पर व्यापक तैयारियां की जा रही हैं ताकि कार्यक्रम सफल एवं सुव्यवस्थित रूप से संपन्न हो सके। 21 मार्च को होने वाले इस विशाल आयोजन में बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की संभावना है। प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को भी प्राथमिकता देते हुए आवश्यक तैयारियां शुरू कर दी हैं।