Haldwani Crime - हल्द्वानी में ठेकेदार का कमरे में फंदे से लटका मिला शव, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका 

 

हल्द्वानी - शहर के बिठौरिया क्षेत्र में एक ठेकेदार की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। युवक का शव उसके किराए के कमरे में फंदे से लटका मिला। पुलिस प्रथमदृष्ट्या इसे आत्महत्या मानकर जांच कर रही है, जबकि परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। जानकारी के अनुसार, मूल रूप से बरेली के नवाबगंज निवासी 24 वर्षीय राजेश मौर्य हल्द्वानी में पुताई का काम करता था और बिठौरिया नंबर दो में किराए के कमरे में अकेले रह रहा था। उसके बड़े भाई धर्मेंद्र का कमरा भी कुछ दूरी पर ही स्थित है।

 

मंगलवार सुबह करीब आठ बजे जब बड़ा भाई राजेश के कमरे पर पहुंचा तो अंदर का नजारा देखकर उसके होश उड़ गए। राजेश का शव कमरे में फंदे से लटका हुआ था। घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। वहीं, परिजनों का कहना है कि कमरे की खिड़की की जाली टूटी हुई थी और मृतक के पैर में चोट के निशान भी मिले हैं। ऐसे में उन्होंने हत्या की आशंका जताते हुए मामले की गहन जांच की मांग की है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा