हल्द्वानी - भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष द्वारा ‘राहुल मियां’ कहने पर भड़के कांग्रेसी, गुस्साये कार्यकर्ताओं में नितिन नबीन का फूंका पुतला
हल्द्वानी - भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन द्वारा कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को ‘राहुल मियां’ कहे जाने के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं में आक्रोश है। बयान के विरोध में गुरुवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बुद्ध पार्क में प्रदर्शन कर भाजपा अध्यक्ष के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और उनका पुतला फूंका।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष राहुल छिमवाल ने कहा कि भाजपा धर्म, संप्रदाय और जाति के नाम पर लोगों को बांटने की राजनीति करती है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के पास अब हिंदू-मुस्लिम के अलावा कोई मुद्दा नहीं है, इसलिए इस तरह के शब्दों का इस्तेमाल कर जनता को भटकाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने नितिन नबीन से अपने बयान पर तत्काल माफी मांगने की मांग की। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि सार्वजनिक मंच से इस तरह की भाषा का इस्तेमाल उचित नहीं है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि भाजपा अध्यक्ष ने माफी नहीं मांगी तो कांग्रेस मामले को लेकर बड़ा प्रदर्शन करेगी।
दरअसल, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन दो दिवसीय दौरे पर बुधवार को हल्द्वानी पहुंचे थे। यहां संबोधन के दौरान उन्होंने राहुल गांधी को ‘मियां’ कहकर संबोधित किया था। इसके विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ता गुरुवार को बुद्ध पार्क में एकत्र हुए और ‘नितिन नबीन वापस जाओ’ के नारे लगाए।
प्रदर्शन की सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। बुद्ध पार्क के दोनों गेट पर पुलिस बल तैनात किया गया था। नैनीताल रोड से भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष का काफिला गुजरने की सूचना के चलते पुलिस ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पार्क से बाहर निकलने से रोक दिया। इससे मौके पर कुछ देर तक गहमागहमी की स्थिति बनी रही। प्रदर्शन में कांग्रेस जिलाध्यक्ष राहुल छिमवाल, महानगर अध्यक्ष गोविंद सिंह बिष्ट, पूर्व ब्लॉक प्रमुख भोला दत्त भट्ट, सतीश नैनवाल, हेमंत बगड़वाल और मधु सांगुड़ी समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।