हल्द्वानी - 13 अगस्त तक करें दावा- आपत्ति, 15 सितंबर को प्रकाशित होगी अंतिम मतदाता सूची, SIR अभियान हुआ तेज

 

 

हल्द्वानी - जनपद नैनीताल में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) अभियान के तहत मतदाता सूची को त्रुटिरहित और पारदर्शी बनाने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। अभियान की समीक्षा को लेकर सोमवार को अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी विवेक राय की अध्यक्षता में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के साथ बैठक आयोजित की गई।

बैठक में बताया गया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार अभियान का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र नागरिक मताधिकार से वंचित न रहे और कोई भी अपात्र व्यक्ति मतदाता सूची में शामिल न हो। दावा और आपत्ति दर्ज कराने की अंतिम तिथि 13 अगस्त 2026 निर्धारित की गई है। प्राप्त दावों और आपत्तियों का निस्तारण 11 सितंबर तक किया जाएगा, जबकि 15 सितंबर 2026 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित होगी।

जनपद नैनीताल में वर्तमान में 6,93,325 पंजीकृत मतदाता हैं। अब तक 2,35,085 नोटिस जारी किए जा चुके हैं, जिनमें से 1,51,084 नोटिस संबंधित मतदाताओं तक पहुंच चुके हैं। निर्वाचन आयोग ने आधुनिक तकनीक के माध्यम से 1,88,054 संभावित विसंगतियों (एनोमली) और 47,031 'नो मैपिंग' मामलों की पहचान की है, जिनका नियमानुसार सत्यापन किया जा रहा है।

जिला निर्वाचन कार्यालय ने स्पष्ट किया है कि केवल सत्यापन नोटिस मिलने से किसी मतदाता का नाम सूची से नहीं हटाया जाएगा। प्रत्येक मतदाता को अपना पक्ष रखने और आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने का पूरा अवसर दिया जाएगा।

सत्यापन के लिए सरकारी पहचान पत्र, जन्म प्रमाण पत्र, पासपोर्ट, शैक्षिक प्रमाण पत्र, स्थायी निवास प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र, परिवार रजिस्टर तथा भूमि या मकान आवंटन पत्र सहित निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित 11 प्रकार के दस्तावेज मान्य होंगे। मतदाता सूची में नया नाम जोड़ने के लिए फॉर्म-6, नाम हटाने के लिए फॉर्म-7 तथा संशोधन के लिए फॉर्म-8 का उपयोग किया जा सकता है।

जिला निर्वाचन अधिकारी ललित मोहन रयाल और उप जिला निर्वाचन अधिकारी विवेक राय ने नागरिकों से अपील की है कि यदि उन्हें सत्यापन संबंधी नोटिस प्राप्त हो तो घबराएं नहीं, बल्कि निर्धारित दस्तावेजों के साथ उपस्थित होकर सत्यापन प्रक्रिया में सहयोग करें।