हल्द्वानी - CII उत्तराखंड की कुमाऊं जोन कार्यकारिणी घोषित, अशोक अग्रवाल अध्यक्ष और सौरभ अग्रवाल बने उपाध्यक्ष
हल्द्वानी - भारतीय उद्योग परिसंघ (CII) उत्तराखंड ने कुमाऊं जोन की नई कार्यकारिणी की घोषणा कर दी है। इसमें अशोक अग्रवाल को कुमाऊं जोन का अध्यक्ष और एलएससी इंफ्राटेक लिमिटेड के निदेशक सौरभ अग्रवाल को उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। नई कार्यकारिणी से कुमाऊं क्षेत्र में औद्योगिक विकास को गति देने, उद्योगों के बीच आपसी सहयोग बढ़ाने और नए व्यावसायिक अवसर विकसित करने की उम्मीद जताई गई है।
अशोक अग्रवाल को चावल प्रसंस्करण, विनिर्माण और निर्यात के क्षेत्र में व्यापक औद्योगिक अनुभव है। उनके नेतृत्व में सीआईआई और कुमाऊं के उद्योग जगत के बीच समन्वय मजबूत करने के साथ क्षेत्र में औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा देने पर जोर रहेगा।
वहीं, सौरभ अग्रवाल औद्योगिक गैस, खनन, ऑटोमोबाइल और बुनियादी ढांचे जैसे विभिन्न क्षेत्रों में अनुभव रखते हैं। संयंत्र संचालन और औद्योगिक विकास के क्षेत्र में उनकी विशेषज्ञता से कुमाऊं में उद्योगों के साथ साझेदारी मजबूत करने तथा सीआईआई की गतिविधियों को आगे बढ़ाने में मदद मिलने की उम्मीद है।
नई कार्यकारिणी का उद्देश्य उद्योग जगत के विभिन्न हितधारकों के बीच सहभागिता बढ़ाना, उद्यमों के बीच सहयोग को प्रोत्साहित करना और उत्तराखंड के औद्योगिक विकास में योगदान देना है। इसके साथ ही सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (एमएसएमई) और उभरते व्यवसायों को प्रोत्साहित करने पर भी ध्यान दिए जाने की अपेक्षा है।
नई जिम्मेदारी मिलने पर नवनियुक्त पदाधिकारियों ने औद्योगिक समूहों का आभार जताया। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वे अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए उद्योगों के हित में कार्य करेंगे और क्षेत्र में औद्योगिक विकास को बढ़ावा देने के लिए प्रयासरत रहेंगे।