हल्द्वानी - कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा का भव्य स्वागत, भाखड़ा क्षेत्र से लेकर भाजपा कार्यालय तक समर्थकों में दिखा जश्न
हल्द्वानी - कैबिनेट मंत्री (शहरी विकास मंत्री) बनने के बाद पहली बार हल्द्वानी पहुंचे राम सिंह कैड़ा का पार्टी कार्यकर्ताओं और युवाओं ने जोरदार स्वागत किया। लामाचौड़ के भाखड़ा क्षेत्र से लेकर भाजपा कार्यालय तक जगह-जगह स्वागत कार्यक्रम आयोजित किए गए, जहां समर्थकों में खासा उत्साह देखने को मिला।
छात्र राजनीति से अपने करियर की शुरुआत करने वाले राम सिंह कैड़ा के कैबिनेट मंत्री बनने पर क्षेत्र के लोगों में गर्व और खुशी का माहौल है। इस मौके पर उन्होंने केंद्रीय नेतृत्व और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त किया।
राम सिंह कैड़ा ने कहा कि वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश के विकास कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार की योजनाओं को गांव-गांव, घर-घर और गली-गली तक पहुंचाया जाएगा।
उन्होंने यह भी कहा कि प्रदेश के हित में निरंतर कार्य करते हुए भारतीय जनता पार्टी को तीसरी बार सत्ता में लाने के लिए पूरी मेहनत की जाएगी।