हल्द्वानी - कारोबारी की बहू ने ससुराल पक्ष पर लगाए दहेज उत्पीड़न के आरोप, 11 माह के बेटे के साथ पहुंची थी कोतवाली
हल्द्वानी - शहर के एक बड़े कारोबारी की बहू ने अपने पति और ससुराल पक्ष के लोगों पर दहेज उत्पीड़न, मारपीट और जान से मारने की कोशिश करने के गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता हिमानी बिष्ट 23 नवंबर को अपने 11 माह के बेटे के साथ लहूलुहान हालत में हल्द्वानी कोतवाली पहुंची थी। उसने आरोप लगाया कि दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर पति और सास ने उसके साथ बेरहमी से मारपीट की और धारदार हथियार से सिर पर हमला कर दिया। इस दौरान उसके मासूम बेटे को भी जमीन पर गिरा दिया गया। पीड़िता के ससुरलियों के पेट्रोल पम्प सहित अन्य कारोबार बताए जा रहे हैं।
कोतवाली पहुंची पीड़िता और उसके बेटे की हालत देखते हुए पुलिस ने तत्काल उनका मेडिकल परीक्षण कराया और शिकायत के आधार पर तहरीर ली। मामले में 25 नवंबर को पीड़िता के बयान भी दर्ज किए गए हैं।हिमानी बिष्ट का आरोप है कि ससुराल पक्ष के लोग लगातार सोने की चेन, नकदी और अन्य सामान की मांग कर रहे थे। मांग पूरी नहीं होने पर उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था। पीड़िता के मुताबिक, इसी विवाद के चलते उसके साथ मारपीट की गई और धारदार हथियार से हमला किया गया।
मामले में एसपी सिटी हरबंस सिंह ने बताया कि पुलिस की ओर से प्रकरण की जांच की जा रही है। पीड़िता के बयान दर्ज कर लिए गए हैं। जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।