हल्द्वानी- बुलेट सवार युवकों की गुंडागर्दी, युवती से छेड़छाड़, विरोध करने पर युवक को पीटा, दोनों आरोपी गिरफ्तार

 

हल्द्वानी - सोमवार रात राजपुरा क्षेत्र में जन्मदिन पार्टी से लौट रही एक युवती के साथ बुलेट सवार दो युवकों द्वारा छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। विरोध करने पर युवती के साथ मौजूद सहेली के भाई की बेरहमी से पिटाई कर दी गई। घटना का वीडियो बनाने पर आरोपियों ने युवती का बरेली रोड तक पीछा किया, जिससे दहशत का माहौल बन गया।


प्राप्त जानकारी के अनुसार, मयंक भंडारी अपनी बहन की दोस्त को स्कूटी से रामपुर रोड स्थित उसके घर छोड़ने जा रहा था। रात करीब 10 बजे मिनी स्टेडियम मोड़ पर बिना नंबर की बुलेट पर सवार दो युवक पीछे से आए और हूटर बजाने लगे। युवती के मुड़कर देखने पर उन्होंने अश्लील इशारे किए।


बताया जा रहा है कि जेल रोड पर आरोपियों ने स्कूटी के आगे बुलेट लगाकर उन्हें रोक लिया और युवती से छेड़छाड़ करने लगे। जब मयंक ने इसका विरोध किया तो दोनों युवकों ने उसके साथ मारपीट की। इसके बाद आरोपी उनका पीछा करते हुए एफटीआई मोड़ से बरेली रोड तक पहुंच गए।

डरे-सहमे युवती और युवक ने एक दुकान के पीछे छिपकर अपनी जान बचाई। इस दौरान युवती के भाई को सूचना दी गई, जो परिवार के साथ मौके पर पहुंचा। परिजनों को आता देख आरोपी मौके से फरार हो गए।
सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों—अजय फर्त्याल निवासी फतेहपुर और अजय सिंह थापा निवासी बड़ी मुखानी—को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।

 

एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टीसी ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी प्रकार की हुड़दंग या अराजकता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।