हल्द्वानी - भाजपा नेताओं ने डीएम के माध्यम से राज्यपाल को भेजा ज्ञापन, कांग्रेस नेताओं के खिलाफ कार्रवाई की उठाई मांग

 

 

हल्द्वानी - कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की 8 अगस्त को हल्द्वानी के रामलीला मैदान में हुई जनसभा के दौरान एसएसपी कार्यालय में कांग्रेस नेताओं द्वारा किए गए कथित अभद्र एवं अशोभनीय व्यवहार के विरोध में भाजपा ने मोर्चा खोल दिया है। रविवार को भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप सिंह बिष्ट के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी कैंप कार्यालय पहुंचकर जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के माध्यम से राज्यपाल को ज्ञापन भेजा। भाजपा ने मामले की जांच कर संबंधित कांग्रेस नेताओं के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की।

भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप सिंह बिष्ट ने आरोप लगाया कि कांग्रेस की जनसभा में अपेक्षा के अनुरूप भीड़ नहीं जुटी। इसके बाद कांग्रेस नेताओं ने अपनी राजनीतिक नाकामी छिपाने के लिए प्रशासन पर वाहनों को रोके जाने का आरोप लगाया। उन्होंने आरोप लगाया कि इसके बाद कांग्रेस नेताओं ने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के लिए अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल किया और एसएसपी कार्यालय में प्रवेश कर हंगामा किया।

बिष्ट ने कहा कि संवैधानिक संस्थाओं का अपमान और वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी के प्रति कथित अशोभनीय भाषा का इस्तेमाल दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने आरोप लगाया कि जनसभा के लिए छोटा मैदान चुना गया और भीड़ अपेक्षा के अनुरूप नहीं पहुंचने पर कांग्रेस नेताओं ने सरकारी कार्यालय में हंगामा कर कानून-व्यवस्था को चुनौती दी। भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी से मांग की कि सरकारी मर्यादाओं के उल्लंघन और शांति व्यवस्था प्रभावित करने के आरोपों की जांच कराई जाए। साथ ही दोषी पाए जाने वाले कांग्रेस नेताओं को चिन्हित कर उनके खिलाफ तत्काल कानूनी एवं दंडात्मक कार्रवाई की जाए।

ज्ञापन देने वालों में प्रदेश उपाध्यक्ष राजेंद्र सिंह बिष्ट, प्रदेश कोषाध्यक्ष साकेत अग्रवाल, पूर्व मेयर डॉ. जोगेंद्र पाल सिंह रौतेला, दर्जा राज्य मंत्री डॉ. अनिल कपूर डब्बू, हुकुम सिंह कुँवर, मोहन पाठक, शंकर कोरंगा, देवेंद्र ढैला, प्रदेश मीडिया सह प्रभारी प्रदीप जनोटी, किसान मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र नेगी, जिला महामंत्री रंजन सिंह बर्गली और विनीत अग्रवाल सहित भाजपा के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे