हल्द्वानी - बरातों से बरातियों के नाचने और जश्न मनाने की सीमा सीमित, सख्त हुई पुलिस इतने मीटर तक ही पैदल आएगी बरात
 

 

हल्द्वानी - सहलाग सीजन के चलते हल्द्वानी में आए दिन जाम की गंभीर स्थिति बन रही है। रात के समय निकलने वाली बरातें लोगों की परेशानी को और बढ़ा रही हैं। ट्रैफिक अव्यवस्था पर काबू पाने के लिए पुलिस ने नए दिशा-निर्देश जारी किए हैं, जिसके तहत बैंक्वेट हाल या विवाह स्थल से अधिकतम 200 मीटर दूरी तक ही बरात पैदल आएगी। इससे बरातियों के नाचने और जश्न मनाने की सीमा सीमित रहेगी।

पुलिस ने यह भी निर्देश दिया है कि लाइटिंग के लिए पीछे चलने वाली बड़ी ठेला गाड़ियों के स्थान पर हाथ वाली झालर लाइटिंग को प्राथमिकता दी जाए, जिसे बैंड टीम से जुड़े मजदूर सड़क किनारे से ही लेकर चल सकें, ताकि सड़कों पर अनावश्यक अवरोध न बने।

हल्द्वानी शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में हर रोज शहनाई की गूंज सुनाई दे रही है। मुख्य सड़कों और आबादी वाले क्षेत्रों के बीच खुले बैंक्वेट हाल भारी जाम की वजह बन रहे हैं। शनिवार-रविवार को पर्यटकों की बढ़ती संख्या के चलते स्थिति और गंभीर हो जाती है। कई बार एंबुलेंस तक जाम में फंस जाती हैं, जिससे आपातकालीन सेवाएं प्रभावित होती हैं।

स्थिति को नियंत्रित करने के लिए एसएसपी मंजुनाथ टीसी ने सभी सीओ, थानाध्यक्षों और चौकी इंचार्जों को सख्त निर्देश दिए हैं। रात 10 बजे के बाद डीजे हर हाल में बंद करवाया जाएगा, ताकि स्थानीय लोगों को परेशानी न हो। बरात के साथ हाई-बेस डीजे का उपयोग प्रतिबंधित रहेगा। पुलिस अधिकारी बैंक्वेट हाल संचालकों, डीजे ऑपरेटरों और बैंड आयोजकों के साथ बैठक कर नियमों की जानकारी भी देंगे।

 

शादी समारोहों के दौरान व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारी संबंधित एसओ और चौकी इंचार्ज पर होगी। नियमों का उल्लंघन होने पर लोग कंट्रोल रूम नंबर 9411112979 या डायल 112 पर शिकायत दर्ज करा सकते हैं।

– मंजुनाथ टीसी, एसएसपी