हल्द्वानी - बनभूलपुरा रेलवे भूमि अतिक्रमण मामले को लेकर पुलिस ने कसी कमर, पुलिस प्रशासन और रेलवे की हाई प्रोफाइल बैठक
हल्द्वानी - बहुचर्चित बनभूलपुरा रेलवे भूमि अतिक्रमण मामले में देश की सर्वोच्च न्यायालय सुप्रीम कोर्ट का निर्णय आगामी 2 दिसंबर यानि 2 दिन बाद आने वाला है। इसके मद्देनज़र SSP नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के नेतृत्व में नैनीताल पुलिस पूरी तरह से मुस्तैद है और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए व्यापक तैयारियों में जुट गई है।
SSP ने सभी संबंधित विभागों के साथ हल्द्वानी के पुलिस बहुद्देशीय भवन में समन्वय गोष्ठी का आयोजन किया। बैठक में रेलवे अधिकारियों ने भी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से भाग लिया। गोष्ठी में जिलाधिकारी नैनीताल ललित मोहन रयाल ने तैयारियों का जायजा लिया और महत्वपूर्ण निर्देश दिए।
SSP नैनीताल ने कहा कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सरकारी कार्य में बाधा डालने वाले, अवैध आयुध रखने वाले और कानून के विरुद्ध कार्य करने वालों के खिलाफ सख्त कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को सघन चेकिंग, सत्यापन अभियान और गश्त सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही सोशल मीडिया सेल को प्रभावी रहने और माहौल बिगाड़ने वाले तत्वों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई करने को कहा गया।
SSP ने यह भी बताया कि पुलिस के पास पर्याप्त फोर्स, हेलमेट, डंडे, बॉडी प्रोटेक्टर और अन्य उपकरण मौजूद हैं। निर्णय आने के बाद RPF का भी कड़ा पहरा रहेगा और सरकारी कार्य में बाधा डालने वाले, छीना-झपटी करने वाले तत्वों के खिलाफ विशेष अधिकार के तहत क्विक एक्शन लिया जाएगा।
SSP ने आम नागरिकों से अपील की कि सर्वोच्च न्यायालय का निर्णय सभी को स्वीकार करना चाहिए और कार्रवाई के दौरान पुलिस प्रशासन का सहयोग किया जाए। गोष्ठी में जिला प्रशासन/पुलिस प्रशासन के अधिकारी, CMM नगर निगम हल्द्वानी, रेलवे विभाग, वन विभाग, ADE North-Eastern Railway, JE रेलवे काठगोदाम, JE UPCL समेत अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।