हल्द्वानी - गौला नदी और बरसाती नालों के किनारे रहने वालों को सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील, मानसून पर प्रशासन अलर्ट 

 

हल्द्वानी - उत्तराखंड में मानसून की सक्रियता के बीच हल्द्वानी और आसपास के क्षेत्रों में लगातार हो रही बारिश को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। जलभराव और संभावित बाढ़ जैसी परिस्थितियों से निपटने के लिए सभी संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं।

सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेयी ने बताया कि जिन इलाकों में हर वर्ष बारिश के दौरान जलभराव की समस्या रहती है, वहां समय रहते वाटर पंप की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। मौसम विभाग की ओर से जारी हर एडवाइजरी पर प्रशासन लगातार नजर बनाए हुए है और उसी के अनुरूप आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

उन्होंने बताया कि तहसील स्तर पर 24 घंटे कंट्रोल रूम सक्रिय रखा गया है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया जा सके। प्रशासन ने गौला नदी के किनारे रहने वाले लोगों को नोटिस जारी कर भारी बारिश के दौरान सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी है। साथ ही कलसिया, देवखड़ी और रक्सिया नाले के किनारे रहने वाले लोगों को भी विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।

सिटी मजिस्ट्रेट ने आम नागरिकों से अपील की है कि बारिश के दौरान उफनती नदियों और नालों को पार करने का प्रयास न करें। प्रशासन की एडवाइजरी का पालन करें और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कंट्रोल रूम या संबंधित अधिकारियों से संपर्क करें।