हल्द्वानी - भूत-प्रेत का भय दिखाकर 70 वर्षीय महिला से जेवरात और नकदी लूटी, बाबा के जरिए परेशानी ठीक करने की कही बात 

 

हल्द्वानी - शहर में अपराधियों के बेखौफ होने का एक और मामला सामने आया है। हल्द्वानी कोतवाली क्षेत्र में तीन युवकों ने 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला को भूत-प्रेत का भय दिखाकर अपने जाल में फंसाया और उनके जेवरात व नकदी लेकर फरार हो गए। महिला के अनुसार, लूटे गए जेवरात की कीमत करीब तीन लाख रुपये है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपितों की तलाश शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, काशीपुर के कुंडेश्वरी निवासी 70 वर्षीय शांति जोशी 14 अगस्त को अपने भाई गणेश जोशी के यहां लामाचौड़ आई थीं। महिला ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 19 अगस्त को वह ब्लॉक-भगवानपुर रोड स्थित अपने जेठ के घर से बेरीपड़ाव स्थित चाचा के घर जाने के लिए निकली थीं। ई-रिक्शा से कालाढूंगी रोड स्थित कालू सिद्ध मंदिर चौराहे के पास पहुंचने पर तीन युवक उनके पास आए। आरोप है कि युवकों ने महिला को बताया कि उनके ऊपर भूत-प्रेत का साया है। इसी दौरान एक युवक ने अपने ऊपर भी ऐसी परेशानी होने और बाबा के जरिए ठीक होने की बात कही।

बातों में उलझाकर नवाबी रोड ले गए - 
महिला के मुताबिक, तीनों युवक बातों में उलझाकर उन्हें अपने साथ नवाबी रोड की ओर ले गए। वहां एक दुकान के पास बैठाकर युवकों ने उन्हें भूत-प्रेत का भय दिखाया और उनके जेवरात उतरवा लिए। आरोप है कि बदमाश महिला के कानों के कुंडल, गले का मंगलसूत्र और करीब 1200 रुपये नकद लेकर फरार हो गए। महिला ने बताया कि घटना के दौरान उनके परिजन लगातार फोन कर रहे थे, लेकिन युवकों ने उन्हें फोन उठाने नहीं दिया। वारदात के बाद महिला बदहवास हालत में किसी तरह अपने भाई और परिजनों तक पहुंचीं और पूरी घटना की जानकारी दी।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस - 
परिजन महिला को लेकर हल्द्वानी कोतवाली पहुंचे और पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपितों की पहचान के लिए पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। साथ ही आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया है। पुलिस का कहना है कि महिला द्वारा बताए गए घटनाक्रम और हुलिए के आधार पर आरोपितों की तलाश की जा रही है। जल्द ही मामले का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है।