हल्द्वानी - पाल कॉलेज में VIMUN 2026 का भव्य शुभारंभ, पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री और सांसद अजय भट्ट ने किया उद्घाटन 
 

 

हल्द्वानी - पाल कॉलेज ऑफ टेक्नोलॉजी एंड मैनेजमेंट (PCTM), हल्द्वानी एवं Visionary India के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित Visionary India Model United Nations (VIMUN) 2026 का शुभारंभ अत्यंत गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन भारत सरकार के पूर्व केंद्रीय रक्षा एवं पर्यटन राज्य मंत्री एवं वरिष्ठ जनप्रतिनिधि माननीय अजय भट्ट द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। उद्घाटन समारोह का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के पश्चात पाल कॉलेज की छात्राओं कु. भूमिका सुयाल, कु. हिमानी नेगी एवं कु. जयश्री चौहान द्वारा प्रस्तुत मनमोहक गणेश वंदना से हुआ, जिसने पूरे सभागार को भक्तिमय एवं सांस्कृतिक वातावरण से सराबोर कर दिया।

इसके उपरांत कॉलेज के विद्यार्थियों द्वारा गठित Prism Band ने अपनी शानदार प्रस्तुति से सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का मन मोह लिया। बैंड में वेदांत (Drummer), काव्यांश (Guitarist), हर्षित (Bass Guitar), निहारिका (Singer), आकांक्ष (Pianist) तथा ओजस्विन (Manager) ने अपनी उत्कृष्ट संगीत प्रतिभा का परिचय दिया, जिसे उपस्थित जनसमूह ने खूब सराहा।

अपने प्रेरणादायी संबोधन में सांसद अजय भट्ट जी ने कहा कि लोकतंत्र केवल चुनाव तक सीमित नहीं है, बल्कि विचारों, संवाद, असहमति और समाधान की एक सतत प्रक्रिया है। उन्होंने भारतीय संसद, विशेषकर लोकसभा में अपने वास्तविक अनुभवों को विद्यार्थियों के साथ साझा करते हुए बताया कि सदन में प्रत्येक चर्चा राष्ट्रहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए की जाती है। उन्होंने कहा कि VIMUN जैसे मंच विद्यार्थियों को केवल भूमिका निभाने का अवसर नहीं देते, बल्कि उन्हें लोकतांत्रिक मूल्यों, नीति निर्माण, नेतृत्व क्षमता एवं वैश्विक दृष्टिकोण को समझने का वास्तविक अनुभव प्रदान करते हैं।

उन्होंने पाल कॉलेज ऑफ टेक्नोलॉजी एंड मैनेजमेंट के प्रबंध निदेशक निर्भय पाल एवं अध्यक्ष नारायण पाल की मुक्तकंठ से प्रशंसा करते हुए कहा कि वर्तमान समय में युवाओं को ऐसे राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के बौद्धिक मंच उपलब्ध कराना अत्यंत आवश्यक है, जहाँ वे समसामयिक वैश्विक एवं राष्ट्रीय विषयों पर अपनी सोच विकसित कर सकें, तार्किक बहस कर सकें तथा भविष्य के उत्तरदायी नेतृत्व के रूप में स्वयं को तैयार कर सकें।

उद्घाटन सत्र के पश्चात प्रतिनिधि (Delegates) अपने-अपने समिति सत्रों में सम्मिलित हुए। सम्मेलन के प्रथम दिवस में छह समितियों में कुल तीन अकादमिक सत्र आयोजित किए गए, जिनमें विभिन्न देशों एवं संस्थाओं का प्रतिनिधित्व करते हुए प्रतिभागियों ने गंभीर एवं तथ्यपरक चर्चा की। प्रतिनिधियों ने विभिन्न देशों एवं संसदीय भूमिकाओं का प्रतिनिधित्व किया।

लोकसभा समिति में भारत में स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने हेतु सुधारात्मक उपाय, निर्वाचन नामावली (Electoral Roll) का पुनरीक्षण तथा मतदाता धोखाधड़ी के आरोपों पर विस्तृत चर्चा हुई। सत्ता पक्ष एवं विपक्ष की भूमिका निभा रहे प्रतिनिधियों ने संसदीय शैली में अपने-अपने तर्क प्रस्तुत किए।

IPL समिति में IPL Mega Auction का यथार्थपरक आयोजन किया गया, जिसमें विभिन्न फ्रेंचाइज़ियों का प्रतिनिधित्व कर रहे प्रतिभागियों ने खिलाड़ियों की बोली, टीम रणनीति एवं खेल प्रबंधन की बारीकियों का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त किया। United Nations Commission on the Status of Women (UNCSW) में सऊदी अरब के Anti-Harassment Vision, ऑस्ट्रेलिया में Meaningful Reforms एवं MeToo आंदोलन से जुड़े विषयों पर गहन विमर्श हुआ। प्रतिनिधियों ने महिला सुरक्षा, समानता, नीति सुधार एवं वैश्विक सहयोग को लेकर अपने विचार प्रस्तुत किए तथा विभिन्न दृष्टिकोणों से समाधान सुझाए।

United Nations Human Rights Council (UNHRC) में चर्चित Jeffrey Epstein प्रकरण के विभिन्न मानवाधिकार एवं न्यायिक पहलुओं पर विस्तृत बहस हुई, जिसमें प्रतिनिधियों ने अंतरराष्ट्रीय कानून, जवाबदेही एवं मानवाधिकार संरक्षण के दृष्टिकोण से अपने विचार रखे।

United Nations Security Council (UNSC) में वेनेजुएला के राष्ट्रपति के कथित अपहरण, इस मामले में संयुक्त राष्ट्र के संभावित हस्तक्षेप, अंतरराष्ट्रीय समुदाय की भूमिका, विभिन्न देशों की प्रतिक्रिया तथा मानव तस्करी से संबंधित मामलों की जांच में न्यायपालिका की स्वतंत्रता एवं राजनीतिक हस्तक्षेप को रोकने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर गंभीर विचार-विमर्श किया गया। प्रतिनिधियों ने अपने-अपने देशों के दृष्टिकोण प्रस्तुत करते हुए अंतरराष्ट्रीय कूटनीति की जटिलताओं का प्रभावी प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम में पाल कॉलेज परिवार की ओर से अध्यक्ष नारायण पाल, प्रबंध निदेशक निर्भय पाल, सचिव कामिनी पाल, बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स की सदस्य शिवांगी पाल तथा जनसंपर्क अधिकारी शुभांगी शांडिल्य की गरिमामयी उपस्थिति रही। Visionary India की ओर से Finance Advisor स्वर्णिम, Co-Founder एवं Director General हरमन सिंह, Co-Founder ऋषभ खत्री, अनिश्का तथा ओजस्विन सहित आयोजन टीम के अन्य सदस्यों ने भी सम्मेलन के सफल संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

VIMUN 2026 का प्रथम दिवस लोकतांत्रिक मूल्यों, वैश्विक कूटनीति, तार्किक संवाद, नेतृत्व क्षमता एवं बौद्धिक विमर्श का उत्कृष्ट उदाहरण रहा। सम्मेलन के आगामी सत्रों में विभिन्न राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर प्रतिनिधियों के बीच और अधिक गहन चर्चा एवं नीति-निर्माण आधारित वाद-विवाद आयोजित किए जाएंगे।