हल्द्वानी - मंगलसूत्र झपटने की घटनाओं का खुलासा, यहां-यहां वारदातों को दिया था अंजाम, फिरोज गांधी गिरफ्तार
हल्द्वानी - थाना मुखानी क्षेत्र में महिलाओं से मंगलसूत्र झपटने की लगातार हो रही घटनाओं का नैनीताल पुलिस ने खुलासा कर दिया है। एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टी.सी. के निर्देशन में मुखानी पुलिस और एसओजी टीम की संयुक्त कार्रवाई में एक शातिर चेन स्नैचर को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए आभूषण बरामद किए गए हैं, जबकि उसका एक साथी मौके से फरार हो गया।
पुलिस के अनुसार मुखानी और रामनगर क्षेत्र में हाल ही में तीन अलग-अलग घटनाएं सामने आई थीं। पहली घटना 30 जनवरी 2026 को देवभूमि सैनिक कॉलोनी, मुखानी में हुई, जहां एक महिला से मंगलसूत्र झपट लिया गया। दूसरी घटना 4 फरवरी 2026 को विठोरिया क्षेत्र में हुई, जहां दुकान पर सामान खरीदने के बहाने महिला से मंगलसूत्र छीना गया। तीसरी वारदात 6 फरवरी 2026 को रामनगर के पीरूमदारा क्षेत्र में अंजाम दी गई।
इन घटनाओं के बाद संबंधित थानों में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और मैनुअल इंटेलिजेंस के आधार पर आरोपियों की पहचान की। कालाढूंगी रोड पर चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध बाइक को रोका गया, जिस पर सवार फिरोज गांधी (36 वर्ष), निवासी रामपुर (उत्तर प्रदेश) को गिरफ्तार कर लिया गया। बाइक पर पीछे बैठा उसका साथी जंगल की ओर फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है।
गिरफ्तार आरोपी के पास से चोरी किया गया मंगलसूत्र और अन्य आभूषण बरामद हुए हैं। पूछताछ में आरोपी ने मुखानी और रामनगर क्षेत्र में तीनों वारदातों को अंजाम देने की बात स्वीकार की। उसने बताया कि वह फिर से वारदात करने हल्द्वानी आ रहा था, तभी पुलिस ने उसे धर दबोचा।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी के खिलाफ हल्द्वानी, मुखानी और रामनगर में कुल पांच मुकदमे दर्ज हैं। अन्य जिलों से भी उसके आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है। नैनीताल पुलिस ने स्पष्ट किया है कि महिलाओं की सुरक्षा उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।