भवाली - कैंची धाम पहुंचे मशहूर गायक विशाल मिश्रा, नीब करौरी बाबा का लिया आशीर्वाद, बॉर्डर-2 का गाना गुनगुनाया 

 

नैनीताल - विश्व प्रसिद्ध कैंची धाम में सुप्रसिद्ध गायक विशाल मिश्रा ने पहुंचकर नीम करौली बाबा के दर्शन कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान उन्होंने बाबा के दरबार में माथा टेककर देश और प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। कैंची धाम पहुंचने के बाद गायक विशाल मिश्रा ने बताया कि जनपद नैनीताल तक आने में उन्हें किसी प्रकार की असुविधा या यातायात समस्या का सामना नहीं करना पड़ा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशन में प्रदेश में व्यवस्थाएं बेहतर हैं और उत्तराखंड पुलिस श्रद्धालुओं व पर्यटकों की सुविधा और सुरक्षा के लिए सराहनीय कार्य कर रही है।

उन्होंने यहां तैनात पुलिस कर्मियों के अनुशासित और सहयोगात्मक व्यवहार की भी प्रशंसा की। विशाल मिश्रा ने कहा कि इस तरह की व्यवस्था से देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को सुरक्षित और सकारात्मक वातावरण मिलता है। इस दौरान उन्होंने पुलिस कर्मियों का उत्साहवर्धन करते हुए अपने लोकप्रिय गीत “संदेशे आते हैं, हमें तड़पाते हैं…” की कुछ पंक्तियां गाकर माहौल को भावुक और उत्साहपूर्ण बना दिया। हाल ही में उन्होंने फिल्म बॉर्डर 2 के लिए भी इस गीत को अपनी आवाज दी है।

गायक विशाल मिश्रा ने अपने अनुभव साझा करते हुए सभी श्रद्धालुओं और पर्यटकों से कैंची धाम आकर बाबा नीम करौली के दर्शन करने और आशीर्वाद लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि नैनीताल की वादियों की प्राकृतिक सुंदरता और कैंची धाम का आध्यात्मिक वातावरण उन्हें बेहद प्रभावित कर गया। यहां की शांत फिजा, हरियाली और लोगों की आत्मीयता हर आने वाले को अपनी ओर आकर्षित करती है।