हल्द्वानी - शराब के नशे में धुत युवक ने कार से कई लोगों को मारी टक्कर, महिला गंभीर, गुस्साई भीड़ ने की पिटाई, कार सीज
हल्द्वानी - शहर में रविवार रात एक तेज रफ्तार कार ने अलग-अलग स्थानों पर चार लोगों को टक्कर मार दी। हादसे में एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जबकि तीन अन्य लोग भी चोटिल हुए। घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने चालक को पकड़कर उसकी जमकर पिटाई कर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने चालक को भीड़ से छुड़ाकर हिरासत में ले लिया।
पुलिस के अनुसार, मुखानी निवासी पंकज रविवार रात करीब नौ बजे शराब के नशे में ऊंचापुल से कालाढूंगी रोड होते हुए शहर की ओर कार चला रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, मुखानी चौराहे से कालाढूंगी चौराहे के बीच उसने सड़क किनारे पैदल जा रहे तीन लोगों को टक्कर मार दी, जिससे वे घायल हो गए।
इसके बाद चालक जेल रोड तिराहे से आगे कालू सिद्ध बाबा मंदिर के पास पहुंचा, जहां उसने सड़क किनारे जा रही एक महिला को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। स्थानीय लोगों ने उसे तत्काल डॉ. सुशीला तिवारी अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार जारी है।
महिला को टक्कर मारने के कुछ ही देर बाद चालक कार से नियंत्रण खो बैठा और वाहन बिजली के खंभे से टकराकर रुक गया। इसके बाद मौके पर मौजूद लोगों ने चालक को कार से बाहर निकालकर उसकी पिटाई कर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने चालक को भीड़ से बचाते हुए कोतवाली पहुंचाया।
कोतवाली प्रभारी विजय मेहता ने बताया कि चालक के शराब के नशे में होने की पुष्टि हुई है। दुर्घटनाग्रस्त कार को कब्जे में लेकर सीज कर दिया गया है। आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।