हल्द्वानी - लक्ष्य की कप्तानी में खेलेंगे द्रविड़ और सहवाग के बेटे, उभरते क्रिकेटर को मिली अंडर-19 वनडे टीम की कमान
हल्द्वानी - उत्तराखंड के उभरते क्रिकेटर लक्ष्य राय चंदानी को भारतीय अंडर-19 क्रिकेट टीम की कमान सौंपी गई है। सितंबर से आस्ट्रेलिया में प्रस्तावित अंडर-19 वनडे सीरीज में लक्ष्य भारतीय टीम की कप्तानी करते नजर आएंगे। खास बात यह है कि उनकी कप्तानी में पूर्व भारतीय क्रिकेटर राहुल द्रविड़ और वीरेंद्र सहवाग के बेटे भी खेलेंगे।
लक्ष्य राय चंदानी की इंटरमीडिएट तक की शिक्षा डीएवी स्कूल हल्द्वानी से हुई है। उन्होंने कमलुवागांजा स्थित जीएनजी क्रिकेट अकादमी में कोच अभिषेक कुमार के निर्देशन में क्रिकेट की बारीकियां सीखीं। हल्द्वानी की पिच पर अभ्यास करते हुए उन्होंने खेल की तकनीक के साथ मैदान की रणनीतियों पर भी पकड़ मजबूत की।
श्रीलंका दौरे में बल्ले से मचाई धूम -
लक्ष्य के कोच अभिषेक कुमार ने बताया कि भारतीय अंडर-19 टीम के श्रीलंका दौरे में उपकप्तान के रूप में लक्ष्य ने शानदार प्रदर्शन किया था। उन्होंने वनडे मुकाबलों में दो अर्द्धशतक लगाए। वहीं टेस्ट मैचों में एक दोहरा शतक और एक शतक जड़कर अपनी बल्लेबाजी क्षमता का प्रभाव छोड़ा।
श्रीलंका दौरे में उनके शानदार प्रदर्शन का इनाम उन्हें आस्ट्रेलिया दौरे के लिए मिला है। आगामी दौरे में लक्ष्य को वनडे टीम की कप्तानी की जिम्मेदारी दी गई है, जबकि मल्टी-डे मैचों में उन्हें उपकप्तान बनाया गया है। लक्ष्य को भारतीय अंडर-19 टीम की कप्तानी मिलने पर उत्तराखंड के क्रिकेट जगत में खुशी का माहौल है। बीसीसीआई के पूर्व उपाध्यक्ष महिम वर्मा, सीएयू अध्यक्ष दीपक मेहरा, सचिव किरण वर्मा समेत कई लोगों ने लक्ष्य को बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।