हल्द्वानी के वैज्ञानिक डॉ. मानस शर्मा ने विकसित किया स्वदेशी क्वांटम सॉफ्टवेयर ‘पाइफॉक’, वैज्ञानिक आत्मनिर्भरता की दिशा में महत्वपूर्ण पहल
हल्द्वानी - उत्तराखंड के हल्द्वानी से निकले एवं भारतीय विज्ञान संस्थान (आईआईएससी) बेंगलुरु में कार्यरत, वैज्ञानिक डॉ. मानस शर्मा ने देश के वैज्ञानिक सॉफ्टवेयर विकास के क्षेत्र में महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है।
उन्होंने स्वदेशी क्वांटम-केमिस्ट्री सॉफ्टवेयर ‘पाइफॉक’ विकसित किया है। यह दुनिया में अपनी तरह का पहला सॉफ्टवेयर पैकेज है, जिसे सरल मानी जाने वाली पाइथन प्रोग्रामिंग भाषा में विकसित किया गया है और जो उच्च गति से जटिल वैज्ञानिक गणनाएं करने में सक्षम है।
यह पहल स्थानीय तकनीक, स्वदेशी क्षमता और वैज्ञानिक आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने वाली ‘मेक इन इंडिया’ तथा ‘आत्मनिर्भर भारत’ की व्यापक भावना से भी जुड़ती है।
डॉ. शर्मा ने पाइफॉक के ऊपर, जर्मनी के प्रसिद्ध वैज्ञानिक प्रो. मारेक सिएरका के साथ शोध-पत्र तैयार किया। यह शोध अमेरिकन केमिकल सोसायटी के एक प्रतिष्ठित जर्नल में प्रकाशित हुआ है।
मानस शर्मा ने बताया, साधारण भाषा में कहें तो पाइफॉक एक प्रकार की डिजिटल वैज्ञानिक प्रयोगशाला है। यह कंप्यूटर की सहायता से किसी अणु के भीतर इलेक्ट्रॉनों की व्यवस्था, उसकी ऊर्जा, स्थिरता और इलेक्ट्रॉनिक गुणों का अनुमान लगाता है। ऐसे गणितीय और कंप्यूटरीकृत प्रयोग नई दवाओं, उत्प्रेरकों, इलेक्ट्रॉनिक पदार्थों और उन्नत रसायनों से संबंधित शोध में वास्तविक प्रयोग करने से पहले वैज्ञानिकों को महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान कर सकते हैं।
डॉ. मानस शर्मा ने जर्मनी के फ्रेडरिक शिलर विश्वविद्यालय येना से भौतिकी में पीएचडी प्राप्त की। उनकी पीएचडी को विश्वविद्यालय के सर्वोच्च शैक्षणिक सम्मान ‘सुम्मा कम लॉडे’ से सम्मानित किया गया। जर्मनी में उन्होंने विश्व स्तर पर उपयोग किए जाने वाले प्रसिद्ध क्वांटम-केमिस्ट्री सॉफ्टवेयर टर्बोमोल के विकास पर कार्य किया।
विदेश में अपना करियर जारी रखने के बजाय डॉ. शर्मा ने भारत लौटने का निर्णय लिया और अगस्त 2024 में देश के अग्रणी शोध संस्थान भारतीय विज्ञान संस्थान, बेंगलुरु से जुड़े। उनका उद्देश्य भारत में ही उन्नत वैज्ञानिक विधियों और मूलभूत शोध सॉफ्टवेयरों के विकास को बढ़ावा देना है। पाइफॉक को इसी दिशा में उठाया गया कदम माना जा रहा है।
डॉ. शर्मा की प्रारंभिक शिक्षा निर्मला कॉन्वेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल, काठगोदाम-हल्द्वानी में हुई। उनके अनुसार विद्यालय में मिली शिक्षा, अनुशासन और विज्ञान के प्रति प्रोत्साहन ने उनकी भविष्य की उपलब्धियों की नींव रखी। इसके बाद उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से स्नातक और स्नातकोत्तर शिक्षा प्राप्त की तथा उच्च शोध के लिए जर्मनी गए। डॉ. मानस की धर्मपत्नी सुश्री प्रियांशी कॉलेज ऑफ़ इंजीनियरिंग पुणे टेक्नोलॉजिकल यूनिवर्सिटी में असिस्टेंट प्रोफेसर हैं तथा माता सुश्री रश्मि शर्मा वरिष्ठ शिक्षाविद हैं और हल्द्वानी के कई स्कूलों में प्रिंसिपल रह चुकी हैं। वहीं पिता रवि शर्मा वरिष्ठ पत्रकार एवं बाल साहित्यकार हैं।
डॉ. मानस शर्मा की अन्य उपलब्धियां-
डॉ. मानस शर्मा के अब तक 13 शोध प्रकाशन प्रकाशित हो चुके हैं, जिनमें अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतिष्ठित वैज्ञानिक पत्रिकाओं में प्रकाशित शोधपत्र भी शामिल हैं। उनके शोध अमेरिका की अमेरिकन केमिकल सोसायटी की प्रतिष्ठित पत्रिकाओं के अलावा फिजिकल रिव्यू बी, एडवांस्ड मैटेरियल्स, नैनो लेटर्स और द जर्नल ऑफ केमिकल फिजिक्स जैसी प्रमुख अंतरराष्ट्रीय पत्रिकाओं में प्रकाशित हुए हैं।
डॉ. शर्मा ने भारत, जर्मनी, बेल्जियम और ब्रिटेन में आयोजित अंतरराष्ट्रीय वैज्ञानिक सम्मेलनों और प्रतिष्ठित संस्थानों में अपने शोध पर व्याख्यान दिए हैं। इनमें बेल्जियम के विश्वप्रसिद्ध शोध संस्थान आईमेक (imec), ल्यूवेन में आयोजित वैज्ञानिक सम्मेलन तथा ब्रिटेन की ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी में दिया गया आमंत्रित व्याख्यान विशेष रूप से उल्लेखनीय हैं। इसके अतिरिक्त उन्होंने जर्मनी के विभिन्न वैज्ञानिक सम्मेलनों और भारत के भारतीय विज्ञान संस्थान, बेंगलुरु में भी अपने शोध प्रस्तुत किए हैं।
उनकी वैज्ञानिक उपलब्धियों के लिए उन्हें कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय सम्मान प्राप्त हुए हैं। वर्ष 2021 में यूरोपीय मैटेरियल्स रिसर्च सोसायटी (E-MRS) के अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में उन्हें सर्वश्रेष्ठ मौखिक प्रस्तुति पुरस्कार मिला। वर्ष 2026 में भारतीय विज्ञान संस्थान के केमिकल इंजीनियरिंग सिम्पोजियम में भी उन्हें सर्वश्रेष्ठ वैज्ञानिक व्याख्यान पुरस्कार से सम्मानित किया गया। इसी वर्ष अंतरराष्ट्रीय आणविक सिमुलेशन सम्मेलन (ICMS 2026) में उन्हें सर्वश्रेष्ठ शोध पोस्टर पुरस्कार प्राप्त हुआ। इसके अलावा अंतरराष्ट्रीय सम्मेलनों में शोध प्रस्तुत करने के लिए उन्हें वर्ष 2022 और 2024 में विशेष यात्रा अनुदान भी प्रदान किए गए।
वैज्ञानिक शोध के साथ-साथ डॉ. शर्मा विज्ञान शिक्षा को सरल और सुलभ बनाने के लिए भी सक्रिय हैं। उनके शैक्षणिक यूट्यूब चैनल 'Phys Whiz' के 20 हजार से अधिक सब्सक्राइबर हैं और उनके शैक्षणिक वीडियो को 36 लाख से अधिक बार देखा जा चुका है।
पाइफॉक क्या है और यह कैसे काम करता है?
पाइफॉक (PyFock) डॉ. मानस शर्मा द्वारा विकसित एक स्वदेशी वैज्ञानिक कंप्यूटर सॉफ्टवेयर है, जिसकी मदद से वैज्ञानिक पदार्थों और अणुओं के गुणों का अध्ययन बिना वास्तविक प्रयोग किए कंप्यूटर पर कर सकते हैं। उदाहरण के लिए, किसी नई दवा या रसायन को प्रयोगशाला में बनाने से पहले वैज्ञानिक पाइफॉक की सहायता से यह समझ सकते हैं कि उसके परमाणु और इलेक्ट्रॉन किस प्रकार व्यवहार करेंगे और वह पदार्थ कितना स्थिर होगा। आसान शब्दों में कहें तो यह एक ऐसी डिजिटल प्रयोगशाला है, जहां अणुओं की दुनिया में झांककर उनके गुणों का अनुमान लगाया जा सकता है। इस प्रकार की गणनाओं के लिए आमतौर पर जटिल वैज्ञानिक सॉफ्टवेयर की आवश्यकता होती है, लेकिन पाइफॉक को लोकप्रिय और अपेक्षाकृत सरल प्रोग्रामिंग भाषा पाइथन में विकसित किया गया है। इसकी विशेषता यह है कि सरल भाषा में बनाए जाने के बावजूद यह कई प्रचलित वैज्ञानिक सॉफ्टवेयरों के मुकाबले उच्च गति और सटीकता से गणनाएं करने में सक्षम है। यह आधुनिक कंप्यूटरों के शक्तिशाली ग्राफिक्स प्रोसेसर (GPU) का भी उपयोग कर सकता है, जिससे बड़ी वैज्ञानिक गणनाएं तेजी से पूरी की जा सकती हैं। पाइफॉक को दुनियाभर के वैज्ञानिकों, शोधकर्ताओं और विद्यार्थियों के लिए निःशुल्क उपलब्ध कराया गया है, ताकि वे नई दवाओं, उन्नत सामग्रियों, रसायनों और भविष्य की तकनीकों से जुड़े शोध में
इसका उपयोग कर सकें।