हल्द्वानी - घर की रेलिंग से लटका मिला चिकित्सक दम्पति का 15 वर्षीय बेटा, डॉक्टरों ने किया मृत घोषित, दो पत्र मिले 

 

हल्द्वानी - शहर के कुसुमखेड़ा क्षेत्र में एक 15 वर्षीय किशोर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई। गुरुवार शाम घर में किशोर अचेत अवस्था में मिला। परिजन उसे तत्काल निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची मुखानी पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, आरके टेंट हाउस रोड निवासी डॉ. मनोज कांडपाल पूर्व में नगर स्वास्थ्य अधिकारी रह चुके हैं और वर्तमान में जिला सर्विलांस अधिकारी के पद पर तैनात हैं। उनकी पत्नी डॉ. ऐश्वर्या कांडपाल हल्द्वानी महिला अस्पताल में वरिष्ठ महिला चिकित्सा अधिकारी हैं। उनका 15 वर्षीय बेटा रुद्र बिड़ला स्कूल में कक्षा दसवीं का छात्र था।

बताया गया कि गुरुवार शाम करीब पांच बजे रुद्र घर में मौजूद था। इसी दौरान परिजनों के घर पहुंचने पर वह अचेत अवस्था में मिला। आनन-फानन में उसे निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। घटना के समय घर में परिजन मौजूद नहीं थे।

एसपी सिटी हरबंस सिंह ने बताया कि घटनास्थल से दो पत्र बरामद हुए हैं। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। बरामद पत्रों की भी जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही घटना से जुड़े तथ्यों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। किशोर की असमय मौत से परिवार में शोक की लहर है। रुद्र का बड़ा भाई भी बिड़ला स्कूल में पढ़ता है। घटना के बाद परिवार और परिचितों में दुख का माहौल है।