हल्द्वानी - शहर में विकास कार्य लोगों के लिए बन रहे हैं काल, सीवरेज की वजह से ट्रक की चपेट में आने से बुजुर्ग की मौत
हल्द्वानी - शहर में रविवार को एक दर्दनाक हादसा हुआ। पनचक्की के पास 65 वर्षीय सुरेश चंद्र पांडे ट्रक की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, रविवार दोपहर वह अपनी स्कूटी से लौट रहे थे। तभी सड़क पर चल रहे सीवरेज कार्य के कारण मार्ग संकरा होने के चलते ट्रक ने उन्हें कुचल दिया। बताया जा रहा है कि इस स्थान पर करीब 15 दिन पहले गड्डा खोदा गया था। जो अभी भी भरा नहीं है। ऐसे में बड़े वाहनों के प्रतिबन्ध होने के बावजूद कैसे बड़े वाहन गुजर रहे हैं।
सूचना मिलने पर काठगोदाम थानाध्यक्ष और पुलिस बल तुरंत मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है और आसपास के हालात की पड़ताल की जा रही है। मौके पर मौजूद स्थानीय लोग हादसे को लेकर चिंता व्यक्त कर रहे हैं और जल्द से जल्द सड़क सुधार और सुरक्षा उपायों की मांग कर रहे हैं।
वहीं हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश भी मौके पर पहुंचे उन्होंने पुलिस की कार्य शैली पर गंभीर सवाल खड़े किये हैं। उन्होंने कहा कि कंपनी की लापरवाही है। साथ ही विधायक ने USDDA के कार्यालय में 23 फरवरी को 11.30 बजे एक आंदोलन और विरोध प्रदर्शन करने की बात कही है।