देहरादून - अभिनेत्री उर्मिला सनावर की बढ़ीं मुश्किलें, राज्यपाल दुष्यंत कुमार गौतम पर टिप्पणी के मामले में एक और मुकदमा

 

देहरादून - अभिनेत्री उर्मिला सनावर की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। सिक्किम के राज्यपाल दुष्यंत कुमार गौतम और अन्य प्रमुख हस्तियों के खिलाफ सोशल मीडिया पर कथित तौर पर आपत्तिजनक और मानहानिकारक बयान प्रसारित करने के मामले में देहरादून की कोतवाली नगर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है। मोती बाजार निवासी सागर की शिकायत पर 25 अक्तूबर की रात यह मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

शिकायत के अनुसार, हरिद्वार रोड स्थित सीबीआई कोर्ट के बाहर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहा है। वीडियो पर सुजाता पॉल का लोगो लगा हुआ है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि वीडियो में उर्मिला सनावर मीडिया के कैमरों और माइक के सामने सिक्किम के राज्यपाल दुष्यंत कुमार गौतम, बीएल संतोष और आरती गौड़ के खिलाफ कथित तौर पर आपत्तिजनक और मानहानिकारक व्यक्तिगत आरोप लगा रही हैं। शिकायत में कहा गया है कि ये आरोप बिना किसी न्यायिक आदेश या प्रमाण के लगाए गए हैं।

शिकायतकर्ता ने आशंका जताई है कि इस तरह के बयान सार्वजनिक होने से संबंधित व्यक्तियों की सामाजिक प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंच सकता है। साथ ही समाज में भ्रम, आक्रोश और वैमनस्य फैलने की स्थिति पैदा हो सकती है। इसी आधार पर पुलिस से मामले में कार्रवाई की मांग की गई।

चार धाराओं में मुकदमा दर्ज - 
पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 79, 352, 353 और 356 के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। थाना प्रभारी निरीक्षक कैलाश चंद्र भट्ट के निर्देश पर मामले की जांच उपनिरीक्षक राकेश रावत को सौंपी गई है।पुलिस वीडियो की सामग्री, उसे सोशल मीडिया पर प्रसारित करने और इस प्रक्रिया में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है। फिलहाल शिकायत में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।