नैनीताल - मीट में मिर्च ज्यादा होने पर हुआ विवाद, अशोक की हत्या के दोषी को मिली उम्रकैद, भारी जुर्माना भी लगाया 
 

 

नैनीताल - पूजा कार्यक्रम के दौरान मीट में मिर्च ज्यादा होने को लेकर हुए मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया। मामले में हत्या के आरोपी को अदालत ने उम्रकैद की सजा सुनाई है। साथ ही आरोपी पर 50 हजार रुपये का अर्थदंड भी लगाया गया है, जिसकी पूरी राशि मृतक के परिवार को दी जाएगी। द्वितीय अपर सत्र न्यायाधीश कुलदीप शर्मा की अदालत ने यह फैसला सुनाया। अभियोजन पक्ष के अनुसार सात सितंबर 2019 की रात पहाड़पानी क्षेत्र के कालागढ़ी गधेरे में पूजा कार्यक्रम आयोजित किया गया था। कार्यक्रम में बलि के बाद मीट बनाया गया था।


इसी दौरान मीट में मिर्च अधिक होने को लेकर अशोक मेलकानी और सकदीना धारी निवासी ललित मोहन चौसाली के बीच कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर दोनों के बीच धक्कामुक्की भी हुई, हालांकि मौके पर मौजूद लोगों ने मामला शांत करा दिया। बताया गया कि कुछ देर बाद अशोक कार्यक्रम स्थल से घर लौटने लगा। तभी आरोपी ललित मोहन पीछे से दौड़ता हुआ आया और उसने अशोक पर चाकू से हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से अशोक की मौके पर ही मौत हो गई।

 

घटना के बाद मृतक के भाई बबलू ने राजस्व पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। बाद में मामला नियमित पुलिस को सौंपा गया। अदालत में अभियोजन पक्ष की ओर से एक गवाह और 22 दस्तावेजी साक्ष्य पेश किए गए। हालांकि घटना के दौरान मौजूद चार गवाह अपने बयान से मुकर गए और आरोपी के पक्ष में गवाही दी। सभी साक्ष्यों और परिस्थितियों को देखते हुए अदालत ने आरोपी को हत्या का दोषी मानते हुए उम्रकैद और अर्थदंड की सजा सुनाई।