हल्द्वानी - स्मार्ट मीटर के विरोध में कांग्रेस नेता ललित जोशी ने किया प्रदर्शन, पीड़ितों के बढ़े बिजली बिलों की जांच की मांग
हल्द्वानी - शहर में स्मार्ट मीटर के विरोध को लेकर शुक्रवार को कांग्रेस नेता ललित जोशी के नेतृत्व में पीड़ित महिलाओं एवं स्थानीय नागरिकों ने एसडीएम कोर्ट परिसर में प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि स्मार्ट मीटर लगाए जाने के बाद उपभोक्ताओं के बिजली बिलों में अप्रत्याशित बढ़ोतरी हुई है, जिससे आम लोगों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है।
प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने कहा कि बढ़े हुए बिजली बिलों ने घरेलू बजट को प्रभावित कर दिया है। उनका आरोप था कि स्मार्ट मीटर व्यवस्था के कारण उपभोक्ताओं को अधिक बिलों का सामना करना पड़ रहा है। प्रदर्शन के बाद सिटी मजिस्ट्रेट के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा गया। ज्ञापन में स्मार्ट मीटर से जुड़ी शिकायतों की निष्पक्ष जांच कराने, बढ़े हुए बिजली बिलों की समीक्षा करने तथा प्रभावित उपभोक्ताओं को राहत प्रदान करने की मांग की गई।
कांग्रेस नेता ललित जोशी ने कहा कि यदि स्मार्ट मीटर से संबंधित समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया और जनता की शिकायतों पर उचित कार्रवाई नहीं हुई, तो कांग्रेस स्थानीय लोगों के साथ मिलकर व्यापक जन आंदोलन शुरू करेगी। उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति में इसकी जिम्मेदारी प्रशासन और बिजली विभाग की होगी।