हल्द्वानी - स्कूल पहुंचने से पहले लापता हुई 10वीं की छात्रा, जेवर और नकदी लेकर नाबालिग के साथ फरार होने की आशंका
 

 

हल्द्वानी - शहर के एक प्रतिष्ठित विद्यालय की कक्षा 10 की 15 वर्षीय छात्रा घर से लाखों रुपये मूल्य के सोने के आभूषण और नकदी लेकर संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई। परिजनों की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर छात्रा की तलाश के लिए कई टीमें गठित कर दी हैं।

पुलिस के अनुसार, शहर निवासी एक व्यक्ति ने तहरीर देकर बताया कि वह 1 जुलाई की सुबह अपनी बेटी को नैनीताल रोड स्थित विद्यालय के मुख्य द्वार पर छोड़कर गए थे। दोपहर करीब 3:15 बजे छुट्टी के समय जब वह बेटी को लेने पहुंचे तो विद्यालय प्रशासन ने बताया कि छात्रा उस दिन स्कूल आई ही नहीं थी। इसके बाद परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की और पुलिस को सूचना दी।

परिजनों का आरोप है कि छात्रा घर से सोने के चार कड़े, छह अंगूठियां तथा करीब 10 हजार रुपये नकद भी अपने साथ ले गई है। पुलिस ने विद्यालय और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें छात्रा एक नाबालिग किशोर के साथ स्कूटी पर जाती हुई दिखाई दी। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि किशोर शहर के ही एक अन्य विद्यालय का छात्र है। परिजनों ने आरोप लगाया है कि किशोर छात्रा को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया। मामले में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर छात्रा की बरामदगी के लिए विशेष टीमें गठित की हैं। उत्तर प्रदेश समेत आसपास के राज्यों में संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।

एसपी सिटी मनोज कत्याल ने बताया कि छात्रा के लापता होने के मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस की टीमें लगातार तलाश में जुटी हैं और जल्द ही छात्रा को सकुशल बरामद करने का प्रयास किया जा रहा है।