हल्द्वानी - गौलापार स्टेडियम में हुआ बवाल, वेतन न मिलने पर बाउंसरों ने बंद किए गेट, खिलाड़ी फंसे, फिर हुई यह वार्ता
हल्द्वानी - इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में आयोजित लेजेंट्स लीग क्रिकेट के दौरान उस समय हड़कंप मच गया, जब सुरक्षा में तैनात बाउंसरों ने वेतन न मिलने के विरोध में अचानक स्टेडियम के गेट बंद कर दिए। इस वजह से खिलाड़ी, स्टाफ और टीम बसें परिसर के अंदर ही फंस गईं, जिससे कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
बताया जा रहा है कि बाउंसरों ने भुगतान न मिलने से नाराज होकर यह कदम उठाया। गेट बंद होने से खिलाड़ियों की आवाजाही पूरी तरह बाधित हो गई और स्थिति तनावपूर्ण हो गई। सूचना मिलने पर आयोजक मौके पर पहुंचे और बाउंसरों से वार्ता की। भुगतान का आश्वासन मिलने के बाद मामला शांत हुआ और गेट दोबारा खोल दिए गए, जिसके बाद टीमों की बसें होटल के लिए रवाना हो सकीं।
इस पूरे घटनाक्रम से खेल विभाग ने खुद को अलग रखा है। विभाग की उपनिदेशक राशिका सिद्दीकी ने स्पष्ट किया कि विभाग केवल स्टेडियम उपलब्ध कराता है, जबकि आयोजन की पूरी जिम्मेदारी संबंधित एजेंसी की होती है। उन्होंने बताया कि 16 मार्च तक का भुगतान जमा था, लेकिन आगे के मैचों के लिए 20 मार्च तक का शुल्क जमा करना अनिवार्य होगा।
उन्होंने यह भी कहा कि आयोजन के दौरान सामने आई तकनीकी खामियां, जैसे डीजी सेट में तेल की कमी, एजेंसी की लापरवाही को दर्शाती हैं। विभाग का कार्य केवल खेलों को बढ़ावा देना है, न कि आयोजन प्रबंधन में हस्तक्षेप करना। वहीं, लीग के को-फाउंडर रमन रहेजा ने पूरे विवाद को “कम्युनिकेशन गैप” का परिणाम बताया। उनके अनुसार, सुरक्षा एजेंसी का प्रभारी दिल्ली में होने के कारण समय पर समन्वय नहीं हो सका, जिससे भुगतान को लेकर विवाद खड़ा हुआ।
इसी बीच, बीती रात आए तेज तूफान ने भी आयोजन पर असर डाला। खराब मौसम के चलते स्टेडियम में लगे कैमरे और अन्य उपकरण क्षतिग्रस्त हो गए, जिसके कारण अगले दिन का मैच रद्द करना पड़ा। फिलहाल मरम्मत का काम जारी है। घटना के बाद आयोजन व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं, हालांकि आयोजकों और अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही स्थिति सामान्य कर ली जाएगी।