हल्द्वानी - कोतवाली परिसर में सीबीसीआईडी कर्मी के पति ने पुलिस के सामने ठेकेदार को जड़ा थप्पड़, मुकदमा दर्ज
हल्द्वानी - कोतवाली परिसर में एक ठेकेदार के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि सीबीसीआईडी में तैनात एक कर्मी के पति ने एसएसआई के सामने ही ठेकेदार को थप्पड़ मार दिया। मामले की शिकायत मिलने पर पुलिस ने आरोपित के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मूल रूप से बेतालघाट और वर्तमान में मुखानी निवासी ठेकेदार दिगम्बर मेहरा ने एसएसपी को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि 12 मार्च को उन्हें भवन के बिल और अन्य कार्रवाई के संबंध में कोतवाली बुलाया गया था। इसी दौरान कोतवाली परिसर में राकेश बिष्ट नामक व्यक्ति ने एसएसआई भूपेन्द्र सिंह मेहता के सामने ही उनके मुंह पर थप्पड़ मार दिया।
पीड़ित का आरोप है कि घटना के बाद आरोपित ने उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी। साथ ही यह भी कहा कि आरोपित की पत्नी, जो सीबीसीआईडी में तैनात है, उन्हें झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दे रही है। ठेकेदार के अनुसार मकान निर्माण से जुड़े 19 लाख रुपये के भुगतान को लेकर उनका विवाद चल रहा है। जब भी वह रकम की मांग करते हैं तो उन्हें कहा जाता है कि विकास प्राधिकरण ने उनकी वजह से मकान सील कर दिया है, इसलिए अब पैसे नहीं दिए जाएंगे। आर्थिक तंगी के कारण वह काफी परेशान हैं।
इस संबंध में कोतवाल विजय मेहता ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपित के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।