हल्द्वानी - शैमफोर्ड स्कूल में कैबिनेट शपथ ग्रहण एवं एनसीसी रैंकिंग समारोह आयोजित, इन छात्र- छात्राओं ने ली पद की शपथ 

 

हल्द्वानी - शैमफोर्ड सीनियर सेकेंडरी स्कूल में सोमवार को नवगठित स्कूल कैबिनेट का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि 34वीं बटालियन आईटीबीपी, हल्दूचौड़ के द्वितीय कमान अधिकारी हेमंत कुमार रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन, सरस्वती वंदना एवं स्वागत गीत के साथ हुआ। विद्यालय की प्रधानाचार्या संतोष पांडे ने नव-निर्वाचित छात्र पदाधिकारियों को पद, गोपनीयता एवं कर्तव्यनिष्ठा की शपथ दिलाई। इसके बाद मुख्य अतिथि हेमंत कुमार, विद्यालय के चेयरमैन एडवोकेट दयासागर बिष्ट, डायरेक्टर अकादमिक अंजू भट्ट एवं प्रधानाचार्या संतोष पांडे ने छात्र-छात्राओं को पद-पट्टिकाएं एवं बैज प्रदान कर शुभकामनाएं दीं।

विद्यालय कैबिनेट में गौरव बिष्ट को हेड बॉय, वर्षा ऐरी को हेड गर्ल, कुशाग्र राठौर को वाइस हेड बॉय तथा महिमा कैड़ा को वाइस हेड गर्ल के रूप में शपथ दिलाई गई। इसके अलावा दिशान्त कुमार ने स्पोर्ट्स कैप्टन, धीरज जोशी ने स्पोर्ट्स वाइस कैप्टन, श्रेया ने कल्चरल हेड, श्रुति एवं आदित्य ने अनुशासन प्रभारी तथा चैताली चंद ने लिटरेरी हेड के रूप में जिम्मेदारी संभाली।

हाउस कैप्टनों में गोल्ड हाउस से कौशिक ऐरी कैप्टन एवं आरुषी पांडे वाइस कैप्टन, ग्रीन हाउस से शीतल कैप्टन एवं गुनगुन कार्की वाइस कैप्टन, रेड हाउस से रिद्धिमा कैप्टन एवं मिताली सुयाल वाइस कैप्टन तथा ब्लू हाउस से शिशान कैप्टन एवं कनिका भट्ट वाइस कैप्टन के रूप में शपथ ग्रहण की।

मुख्य अतिथि हेमंत कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि छात्र देश का भविष्य हैं। नेतृत्व क्षमता के आधार पर उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्होंने विद्यार्थियों से अनुशासन, समयनिष्ठा और निरंतर प्रयासों के साथ विद्यालय, समाज एवं राष्ट्र के विकास में योगदान देने का आह्वान किया। उन्होंने छात्र जीवन में माता-पिता एवं गुरुजनों के सम्मान को महत्वपूर्ण बताया।

इसी अवसर पर विद्यालय में एनसीसी रैंकिंग सेरेमनी भी आयोजित की गई। समारोह में देवेश सिंह को जूनियर अंडर ऑफिसर, कैडेट हर्षिता पांडे को कंपनी क्वार्टर मास्टर सार्जेंट, अभिमन्यु, हिमानी एवं आकांक्षा को सार्जेंट तथा गौरव मेहता एवं गीतांजलि को कॉरपोरल की रैंक प्रदान की गई। समारोह का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। विद्यालय परिवार ने सभी नव-निर्वाचित छात्र पदाधिकारियों एवं एनसीसी कैडेट्स को उनके नए दायित्वों के लिए शुभकामनाएं देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की।