ओखलकांडा में पत्नी की पीट-पीटकर हत्या करने का आरोपी गिरफ्तार, जेल भेजा गया भीम सिंह 

 

हल्द्वानी - खनस्यूं थाना क्षेत्र के तल्ला ओखलकांडा गांव में पत्नी की पीट-पीटकर हत्या करने के मामले में फरार चल रहे आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान भीम सिंह पुत्र मानसिंह निवासी तल्ला ओखलकांडा के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया।


पुलिस के अनुसार, 22 अगस्त को ग्राम तल्ला ओखलकांडा में भीम सिंह ने अपनी पत्नी डिक्री देवी के साथ डंडों और चम्मच आदि से बेरहमी से मारपीट की, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के दौरान उनके चारों बच्चे भी मौके पर मौजूद थे। आरोप है कि वारदात के बाद आरोपी रात में घर पर ही सोया और अगले दिन सुबह बच्चों को धमकाकर घटना के बारे में किसी को कुछ नहीं बताने की बात कहकर फरार हो गया।


मृतका के पिता गुमान सिंह की तहरीर पर खनस्यूं थाने में मुकदमा दर्ज किया गया। घटना की सूचना पर खनस्यूं पुलिस और हल्द्वानी से पहुंची फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल को सुरक्षित कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने आरोपी की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए। एसपी क्राइम/ट्रैफिक डॉ. जगदीश चंद्र और क्षेत्राधिकारी भवाली रविकांत सेमवाल के पर्यवेक्षण तथा थानाध्यक्ष खनस्यूं अनीस अहमद के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी।

पुलिस ने 24 अगस्त को आरोपी भीम सिंह को वडियाड लूगड़, काठगोदाम के पास से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह शराब के नशे में था और पत्नी के अवैध संबंध होने के शक में उसके साथ मारपीट की थी, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस मामले की विवेचना कर रही है।