भवाली - कैंची धाम में आस्था का रिकॉर्ड, जून में पहुंचे 8.66 लाख भक्त, पिछले 11 महीने का डेटा देख पकड़ लेंगे सिर
नैनीताल/भवाली - बाबा नीब करौरी महाराज के प्रति श्रद्धालुओं की आस्था लगातार बढ़ती जा रही है। इसका अंदाजा कैंची धाम पहुंचने वाले भक्तों की संख्या से लगाया जा सकता है। पिछले 11 महीनों में कैंची धाम में 47 लाख 53 हजार से अधिक श्रद्धालु बाबा के दर्शन कर चुके हैं। इनमें सबसे अधिक 8 लाख 66 हजार श्रद्धालु जून 2026 में पहुंचे हैं।
पर्यटन और नियोजन विभाग की ओर से कैंची धाम की धारण क्षमता का आकलन करने के लिए लगातार सर्वे किया जा रहा है। सर्वे के दौरान मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी और एएनपीआर कैमरों से श्रद्धालुओं की संख्या का आंकड़ा जुटाया जा रहा है। इसी के आधार पर सामने आया है कि अगस्त 2025 से जून 2026 तक कुल 47,53,000 श्रद्धालु कैंची धाम पहुंचे।
सोशल मीडिया से भी बढ़ी बाबा के धाम की लोकप्रियता -
कैंची धाम में देश-विदेश से श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। दिल्ली, नोएडा, महाराष्ट्र, लखनऊ, कानपुर, राजस्थान, हरियाणा, मुंबई, गुजरात, मेरठ, रामपुर, मुरादाबाद, देहरादून, रुद्रपुर और हल्द्वानी समेत कई शहरों से भक्त बाबा के दर्शन के लिए आ रहे हैं। विदेशों से भी श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला जारी है। बाबा नीब करौरी महाराज के प्रति बढ़ती आस्था और सोशल मीडिया पर उनके चमत्कारों से जुड़ी कथाओं के कारण कैंची धाम की प्रसिद्धि देश-दुनिया में तेजी से बढ़ी है। कई अभिनेता, क्रिकेटर, राजनेता और उद्योगपति भी यहां पहुंचकर बाबा का आशीर्वाद ले चुके हैं।
जून में सबसे ज्यादा पहुंचे श्रद्धालु -
विभाग के आंकड़ों के अनुसार अगस्त 2025 में 2,19,627, सितंबर में 1,74,135, अक्तूबर में 3,53,707, नवंबर में 3,62,721 और दिसंबर में 4,28,842 श्रद्धालु पहुंचे। वहीं जनवरी 2026 में 4,41,349, फरवरी में 2,57,856, मार्च में 4,58,215, अप्रैल में 5,06,868, मई में 6,84,309 और जून 2026 में रिकॉर्ड 8,66,000 श्रद्धालुओं ने कैंची धाम पहुंचकर दर्शन किए।
हर महीने शासन को भेजा जा रहा डाटा -
जिला अर्थ एवं सांख्यिकी विभाग की ओर से कैंची धाम पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की संख्या का डाटा हर महीने शासन को भेजा जा रहा है। जिला अर्थ एवं सांख्यिकी अधिकारी नैनीताल डॉ. मुकेश सिंह नेगी ने बताया कि कैंची धाम में श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ रही है। अब तक 47.53 लाख श्रद्धालु बाबा के दर्शन कर चुके हैं। जून महीने में सबसे अधिक 8.66 लाख श्रद्धालु पहुंचे हैं।