हल्द्वानी - गधेरे में डूबने से बीसीए के छात्र की मौत, आठ दोस्तों के साथ घूमने गया था आदित्य, परिवार में कोहराम 

 

हल्द्वानी - भीमताल ब्लॉक के चांफी क्षेत्र में घूमने गए हल्द्वानी के एक बीसीए छात्र की गधेरे में डूबने से मौत हो गई। हादसे के बाद साथियों ने काफी प्रयास कर उसे बाहर निकाला और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) भीमताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना से मृतक के परिवार में कोहराम मच गया।

पुलिस के अनुसार हल्द्वानी से रविवार दोपहर आठ दोस्त चांफी क्षेत्र घूमने पहुंचे थे। सभी युवक क्षेत्र में बहने वाले गधेरे में नहाने के लिए उतर गए। इसी दौरान 20 वर्षीय आदित्य पाठक गहरे पानी और तेज बहाव की चपेट में आकर डूब गया। उसके साथियों ने उसे बचाने का भरसक प्रयास किया और कड़ी मशक्कत के बाद गधेरे से बाहर निकालकर तत्काल सीएचसी भीमताल पहुंचाया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

भीमताल कोतवाल राजेश कुमार यादव ने बताया कि मृतक की पहचान आदित्य पाठक (20) पुत्र दीपक पाठक, निवासी वार्ड नंबर-9, तल्ली बमौरी, नहर कवरिंग रोड, मुखानी, हल्द्वानी के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार सभी दोस्त पिकनिक मनाने चांफी गए थे। नहाने के दौरान आदित्य पानी के तेज बहाव में फंस गया और डूब गया।

घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन भी सीएचसी भीमताल पहुंच गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम सोमवार को कराया जाएगा। पुलिस मामले की जांच कर रही है। फिलहाल परिजनों की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई है।