बागेश्वर-सांसद बलूनी के स्वास्थ्य लाभ की कामना, पूर्व दर्जा मंत्री भूपेश ने समर्थकों संग किया हवन

 

बागेश्वर- नवरात्रि के नवें दिन व रामनवमी के पावन पवित्र अवसर पर बागेश्वर के प्रसिद्ध मां चंडिका के मंदिर में भाजपा के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी राज्यसभा सांसद अनिल बलूनी व उनके परिवार के स्वास्थ्य लाभ की कामना के लिए पूर्व दर्जा राज्य मंत्री भूपेश उपाध्याय के मित्र मण्डल द्वारा हवन यज्ञ का कार्यक्रम सम्पन्न करवाया गया। राज्यसभा सांसद अनिल बलूनी सपरिवार कोरोना से ग्रसित हैं व अभी अस्पताल में स्वास्थ्य लाभ ले रहे हैं। इससे पूर्व भी अनिल बलूनी जब कैंसर की बीमारी से मुंबई के अस्पताल में जंग लड़ रहे थे। उस समय भी पूर्व दर्जा राज्य मंत्री भूपेश उपाध्याय व उनके समर्थकों द्वारा अनिल बलूनी के स्वास्थ लाभ की कामना के लिए हवन यज्ञ का आयोजन करवाया गया था।

भूपेश उपाध्याय को अनिल बलूनी का नजदीकी माना जाता है, अनिल बलूनी ने ही भूपेश उपाध्याय को कांग्रेस सरकार से इस्तीफा दिलवाकर 2015 में दिल्ली भाजपा मुख्यालय में भाजपा जॉइन करवाई थी और अनिल बलूनी के इशारे पर ही भूपेश उपाध्याय ने तत्कालीन कांग्रेस सरकार में बड़ी तोड़-फोड़ करके कई विधायकों को भाजपा में शामिल करवाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। ये अलग बात है कि बलूनी अपनी तमाम कोशिशों के बाद भी 2017 के विधानसभा चुनाव में भूपेश उपाध्याय को कपकोट विधानसभा से टिकट नहीं  दिलवा सके थे। इस बात से नाराज होकर भूपेश उपाध्याय ने बागी प्रत्याशी के रूप में कपकोट विधानसभा से भाजपा प्रत्याशी के खिलाफ  चुनाव लड़ा था।

सम्पूर्ण उत्तराखण्ड के युवाओं में राज्यसभा सांसद अनिल बलूनी की एक गहरी अमिट छाप है जो उनके अस्वस्थ होने की खबर भर से उनके स्वास्थ्य लाभ के लिए वो लोग हवन यज्ञ करवा रहे हैं जो भाजपा के कार्यकर्ता तक नहीं हैं। यही बात अनिल बलूनी को अन्य नेताओं से अलग खड़ा करती है, बागेश्वर के इस हवन यज्ञ कार्यक्रम में स्थानीय भाजपा का कोई भी चेहरा नजर नहीं आया। यह भी एक चर्चा का विषय रहा।

बलूनी के स्वास्थ्य लाभ हेतु किये गए हवन कार्यक्रम स्वास्थ खराब होने के चलते मुख्य आयोजक पूर्व दर्जा राज्य मंत्री भूपेश उपाध्याय स्वयं उपस्थित नहीं हो सके। भूपेश उपाध्याय की जगह यजमान के रूप में उनके बड़े भाई जगदीश उपाध्याय, भतीजा पूर्व छात्र अध्यक्ष कौशल उपाध्याय, देवभूमि व्यापार मण्डल उत्तराखण्ड के प्रदेश संगठन मंत्री मनीष जखवाल, देवेंद्र गोस्वामी, पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष प्रशांत नगरकोटी, दीपक जोशी, हेमंत खेतवाल, नरेंद्र रौतेला, निर्मल पंत, सुनील डसीला, हेम काण्डपाल, कौशल जोशी, सुंदर दानू, ललित गोस्वामी, गजेंद्र टाकुली, देशदीपक मालड़ा, आनंद भंडारी, निर्मल पंत, प्रशांत मालड़ा, बबलू मेहरा, आर्यन टाकुली, आलोक जोशी, लक्ष्मण भट्ट सहित दर्जनों भूपेश उपाध्याय समर्थक मौजूद रहे।