हल्द्वानी - काठगोदाम की सिंचाई नहर में अज्ञात शव मिलने से मचा हड़कंप, हाथ में बने टैटू से जांच में जुटी पुलिस
हल्द्वानी - काठगोदाम थाना क्षेत्र के कॉलटैक्स स्थित सिंचाई नहर में सोमवार देर शाम एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। राहगीरों ने नहर में शव बहता देखा और तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही काठगोदाम थाना पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से शव को नहर से बाहर निकाला गया। पुलिस ने घटनास्थल पर मौजूद लोगों से मृतक की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी। पुलिस के अनुसार मृतक के हाथों पर बने टैटू उसकी पहचान का अहम सुराग हो सकते हैं।
पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया है। साथ ही जिले के अन्य थाना क्षेत्रों से संपर्क कर हाल ही में दर्ज गुमशुदगी के मामलों का मिलान किया जा रहा है, ताकि मृतक की पहचान हो सके। बताया जा रहा है कि जिस सिंचाई नहर से शव बरामद हुआ है, वहां इन दिनों कवरिंग का निर्माण कार्य चल रहा है। ऐसे में पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि शव नहर में कैसे पहुंचा। मामले में दुर्घटना, आत्महत्या अथवा अन्य किसी आपराधिक पहलू से भी जांच की जा रही है।
जांच अधिकारी निर्माण कार्य से जुड़े कर्मचारियों, आसपास के दुकानदारों और स्थानीय निवासियों से पूछताछ कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और मृतक की पहचान के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी को मृतक के संबंध में कोई जानकारी हो तो तत्काल नजदीकी पुलिस थाने को सूचित करें।