नैनीताल - रामनगर में पुलिस-बदमाश के बीच मुठभेड़, जवाबी फायरिंग में वांटेड बदमाश के पैर में लगी गोली
रामनगर - नैनीताल जिले के रामनगर में देर रात पुलिस और बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई। मालधन के 64 नंबर गेट के जंगल में पुलिस दबिश के दौरान आरोपी चंदन सागर ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लग गई। घायल आरोपी को पुलिस ने मौके से गिरफ्तार कर उपचार के लिए रामदत्त जोशी संयुक्त चिकित्सालय रामनगर पहुंचाया। जानकारी के मुताबिक, रामनगर के शिवलालपुर निवासी चंदन सागर लंबे समय से पुलिस की वांटेड सूची में था। पुलिस टीम उसकी तलाश में दबिश देने पहुंची थी। बताया गया कि पुलिस को देखकर आरोपी हाथीडंगर वन विभाग चेक पोस्ट से आगे जंगल की ओर भाग गया और वहां जाकर छिप गया।
पुलिस टीम ने जंगल में आरोपी की घेराबंदी की तो उसने पुलिसकर्मियों और वाहनों को निशाना बनाकर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने करीब तीन राउंड फायर किए। इस दौरान पुलिस का एक वाहन भी क्षतिग्रस्त हुआ। फायरिंग की सूचना तत्काल पुलिस कंट्रोल रूम को दी गई, जिसके बाद अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंचा और जंगल क्षेत्र की घेराबंदी कर दी गई।
जवाबी फायरिंग में पैर में लगी गोली -
पुलिस ने आरोपी को चारों तरफ से घेरने के बाद जवाबी कार्रवाई की। इसी दौरान चंदन सागर के पैर में गोली लग गई और वह घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस टीम ने उसे मौके से पकड़ लिया और तत्काल उपचार के लिए रामदत्त जोशी संयुक्त चिकित्सालय पहुंचाया। अस्पताल के चिकित्सकों के मुताबिक, घायल युवक को देर रात पैर में गोली लगने के बाद अस्पताल लाया गया था। गोली पैर को आर-पार कर गई थी। उपचार के बाद पुलिस उसे अपनी हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई के लिए ले गई।
आरोपी पर करीब 15 मुकदमे दर्ज -
रामनगर कोतवाल सुशील कुमार के मुताबिक, चंदन सागर के खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास समेत करीब 15 मुकदमे दर्ज हैं। उसके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई की जा चुकी है। पुलिस के अनुसार, हाल में रामनगर में हुई एक घटना में भी वह आरोपी था और लंबे समय से उसकी तलाश की जा रही थी।
मुठभेड़ के बाद पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के जंगल में तलाशी अभियान चलाया। पुलिस टीम ने मौके से फायरिंग से जुड़े साक्ष्य जुटाए हैं। साथ ही आरोपी के आपराधिक इतिहास और उसके संपर्क में रहने वाले लोगों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। एसएसपी मंजूनाथ टीसी ने भी अपराधियों के खिलाफ पुलिस की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत कार्रवाई किए जाने की बात कही है।