अल्मोड़ा - कांग्रेस की रैली में शामिल होने आ रहे पूर्व ब्लॉक प्रमुख की कार खाई में गिरने से दर्दनाक मौत, दो लोग गंभीर घायल
अल्मोड़ा - बाड़ेछीना-सेराघाट मोटर मार्ग पर कांचुला पुल के पास गुरुवार को एक कार संख्या यूके-04-2999 अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में वाहन सवार कुंदन सिंह (निवासी नाचनी, पिथौरागढ़) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। रेस्क्यू के बाद दोनों घायलों को 108 एंबुलेंस सेवा से अल्मोड़ा अस्पताल पहुंचाया गया। दुर्घटना में कार के परखच्चे उड़ गए। पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुटी है।
बताया गया कि कुंदन सिंह पूर्व प्रमुख कनालीछीना एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता थे। वे कांग्रेस के कार्यक्रम में भाग लेने के लिए अल्मोड़ा आ रहे थे, तभी यह दुखद हादसा हो गया। उनके असामयिक निधन की खबर से क्षेत्र में शोक की लहर है।
पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने गहरा दुःख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा, “भाग्य की विडंबना देखिए—विशाल और उत्साहपूर्ण रैली के बीच प्रकृति बाधा बनी। राहुल गांधी ने अपने संबोधन से जोश भरा। मैं भी उसी उत्साह के साथ गांव की ओर लौट रहा था कि तभी बाड़ेछीना के पास कार दुर्घटना की दुखद सूचना मिली। बताया गया कि कुंदन सिंह बथियाल का निधन हो गया है और दो लोग गंभीर रूप से घायल हैं। कुंदन सिंह मेरी राजनीतिक यात्रा के लंबे समय के सक्रिय सहयोगी रहे हैं। यह समाचार अत्यंत पीड़ादायक है। मैं गांव के रास्ते में था, अब लौटकर अल्मोड़ा जा रहा हूं ताकि पोस्टमार्टम और घायलों के उपचार की स्थिति की जानकारी ले सकूं।”
पुलिस ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और घायलों का उपचार जारी है। दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।