उत्तराखंड - मसूरी में अक्षय कुमार की फिल्म की शूटिंग अचानक टली, तैयार सेट हटाया, जानिए क्या रही वजह 

 

मसूरी - पहाड़ों की रानी मसूरी में बुधवार को अभिनेता अक्षय कुमार की फिल्म की शूटिंग अचानक टल गई। शूटिंग के लिए होटल के नजदीक सेट तैयार कर लिया गया था और सुबह करीब नौ बजे फिल्मांकन शुरू होने की तैयारी थी। हालांकि, कुछ देर बाद ही सेट हटाने का काम शुरू हो गया और शूटिंग नहीं हो सकी। बताया जा रहा है कि अभिनेता की तबीयत ठीक नहीं होने के कारण शूटिंग का कार्यक्रम बदला गया। हालांकि, इस संबंध में आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है।

होटल व्यवसायी विशाल अग्रवाल ने बताया कि उनके होटल के नजदीक फिल्म की शूटिंग के लिए सेट लगाया गया था। सुबह करीब नौ बजे तक सभी तैयारियां पूरी कर ली गई थीं, लेकिन लगभग आधे घंटे बाद अचानक सेट हटाया जाने लगा। इसके बाद शूटिंग रद्द होने की जानकारी सामने आई। शूटिंग टलने के पीछे अक्षय कुमार की तबीयत बिगड़ने की बात कही जा रही है।

सूत्रों के अनुसार, अभिनेता की पीठ या कमर में हल्का खिंचाव होने की चर्चा है। इसी वजह से बुधवार को शूटिंग रोकने का निर्णय लिया गया। हालांकि, उनकी स्वास्थ्य स्थिति को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। फिल्म के स्थानीय लाइन प्रोड्यूसर मनोज खरोला ने भी शूटिंग रद्द होने की पुष्टि की, लेकिन इसके कारणों पर विस्तृत जानकारी नहीं दी।

ढाबे पर रुके अक्षय, प्रशंसकों के साथ खिंचवाई तस्वीरें - 

मसूरी पहुंचने से पहले अक्षय कुमार एक स्थानीय ढाबे पर भी रुके थे। अभिनेता के वहां पहुंचने की जानकारी मिलते ही प्रशंसकों की भीड़ जुट गई। अपने पसंदीदा अभिनेता की एक झलक पाने के लिए लोग उत्साहित नजर आए। इस दौरान अक्षय ने प्रशंसकों के साथ तस्वीरें भी खिंचवाईं।

मसूरी के साथ देहरादून और ऋषिकेश में भी होनी है शूटिंग - 

फिल्म की शूटिंग मसूरी के अलावा देहरादून स्थित भारतीय वन अनुसंधान संस्थान (एफआरआई) और ऋषिकेश में भी प्रस्तावित है। बुधवार को शूटिंग टलने के बाद अब अगले कार्यक्रम को लेकर उत्सुकता बनी हुई है। स्थानीय स्तर पर आज से शूटिंग दोबारा शुरू होने की उम्मीद जताई जा रही है। हालांकि, शूटिंग के नए कार्यक्रम और अक्षय कुमार की सेहत को लेकर आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।