भीमताल - समुदाय विशेष के युवक पर युवतियों के शोषण का आरोप, भाजपा ने बाजार बंद कर कोतवाली का किया घेराव

 

भीमताल - नगर के बाईपास रोड क्षेत्र में एक युवक द्वारा कथित रूप से अपनी पहचान छिपाकर कई युवतियों को प्रेमजाल में फंसाने, शादी का झांसा देकर उनका यौन और आर्थिक शोषण करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि युवक ने इस तरीके से करीब 17 लाख रुपये की ठगी भी की। मामले के सामने आने के बाद स्थानीय व्यापारियों, भाजपा पदाधिकारियों और हिंदूवादी संगठनों में भारी आक्रोश फैल गया। विरोधस्वरूप शनिवार को भीमताल बाजार बंद कराया गया और बड़ी संख्या में लोगों ने कोतवाली पहुंचकर प्रदर्शन किया तथा पुलिस-प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।

भाजपा जिला मंत्री मनोज भट्ट के अनुसार, कुछ पीड़ित युवतियों ने उन्हें जानकारी दी कि एक युवक ने नाम बदलकर उनसे संपर्क किया, शादी का झांसा दिया और फिर शारीरिक संबंध बनाकर पैसे भी ऐंठे। इस पर उन्होंने पुलिस को लिखित शिकायत सौंपी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी के ठिकाने पर छापेमारी की, लेकिन वह मौके से फरार मिला। तलाशी के दौरान पुलिस को कमरे से आधा दर्जन से अधिक मोबाइल फोन और लाखों रुपये का सामान मिला। इसके बाद पुलिस ने कमरे को सील कर दिया है। घटना के बाद एक प्रतिनिधिमंडल ने कोतवाली पहुंचकर ज्ञापन सौंपा और मामले की निष्पक्ष जांच के साथ आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की मांग की।

एसपी डॉ. जगदीश चंद्रा ने बताया कि पुलिस ने प्रारंभिक जांच के तहत आरोपी के कमरे की तलाशी लेकर उसे सील कर दिया है। उन्होंने कहा कि पीड़ितों की ओर से तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस आरोपी के परिजनों से पूछताछ कर मामले की गहराई से जांच कर रही है। इस घटना के बाद क्षेत्र में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है और लोग आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।