लालकुआं - स्कूटी फिसलने से युवक की दर्दनाक मौत, परिवार का रो-रोकर बुरा हाल, क्षेत्र में शोक की लहर

 

लालकुआं - बिंदुखत्ता क्षेत्र में सोमवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में 26 वर्षीय युवक की मौत हो गई। घटना के बाद जहां मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है, वहीं पूरे क्षेत्र में शोक की लहर व्याप्त है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, बिंदुखत्ता के इंदिरा नगर द्वितीय निवासी भास्कर पोखरिया के घर आए उनके साले संतोष भट्ट (26 वर्ष), पुत्र बाला दत्त भट्ट, निवासी बागेश्वर, रात लगभग 11 बजे स्कूटी से घर लौट रहे थे। 

इसी दौरान इंदिरा नगर क्षेत्र में दानू स्कूल के पास अचानक सामने एक जानवर आ जाने से उनकी स्कूटी अनियंत्रित होकर फिसल गई। हादसे में संतोष सिर के बल सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों ने तुरंत 108 और 112 पर सूचना दी। मौके पर लालकुआं कोतवाली के उपनिरीक्षक जोगेंद्र यादव पहुंचे और घायल युवक को 108 एंबुलेंस की सहायता से अस्पताल भेजा गया। हालांकि अस्पताल पहुंचने से पहले ही संतोष ने दम तोड़ दिया। 

मृतक के जीजा भास्कर पोखरिया के अनुसार, संतोष देहरादून की एक निजी कंपनी में कार्यरत थे और छुट्टी पर घर आए हुए थे। इसी दौरान वह अपनी बहन से मिलने बिंदुखत्ता आए थे, जहां यह दुखद हादसा हो गया। संतोष अपने पीछे एक भाई और दो बहनों का भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। घटना के बाद से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे क्षेत्र में गमगीन माहौल बना हुआ है।