हल्द्वानी - कालाढूंगी हाईवे पर अचानक आ गया टस्कर हाथी, थम गई लोगों की सांसें, दहशत में वाहन छोड़कर भागे लोग - Video
रामनगर - नैनीताल जिले के कालाढूंगी हाईवे पर गुरुवार शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब गड़प्पू जंगल के पास एक विशालकाय टस्कर हाथी अचानक जंगल से निकलकर सड़क पर आ गया। हाथी के हाईवे पर पहुंचते ही दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया।
हल्द्वानी - कालाढूंगी हाईवे पर अचानक आ गया टस्कर हाथी, थम गई लोगों की सांसें, दहशत में वाहन छोड़कर भागे लोग pic.twitter.com/KVO7n7IvRe
— News Today Network (@newstodaynetwo1) June 26, 2026
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हाथी काफी देर तक हाईवे पर टहलता रहा। इस दौरान उसने कई बार सड़क पर खड़े वाहनों और लोगों की दिशा में बढ़ने की कोशिश की, जिससे मौके पर मौजूद लोगों में दहशत फैल गई। कई लोगों ने अपनी सुरक्षा के लिए वाहन सड़क पर ही छोड़ दिए और सुरक्षित स्थानों की ओर चले गए। वहीं कुछ लोगों ने दूर से पूरी घटना का वीडियो अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड किया।
काफी देर तक हाईवे पर रहने के बाद हाथी बिना किसी को नुकसान पहुंचाए वापस जंगल की ओर लौट गया। इसके बाद यातायात धीरे-धीरे सामान्य हो सका और लोगों ने राहत की सांस ली। घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
घटना का वीडियो सामने आने के बाद वन विभाग ने एक बार फिर लोगों से जंगल से सटे क्षेत्रों और वन्यजीव कॉरिडोर में विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। विभाग का कहना है कि ऐसे क्षेत्रों से गुजरते समय वाहन धीमी गति से चलाएं, अनावश्यक रूप से न रुकें और जंगली जानवरों के पास जाने या उन्हें उकसाने का प्रयास न करें। थोड़ी सी लापरवाही भी गंभीर हादसे का कारण बन सकती है।