शिक्षक के लिए नई कार बनी काल, हल्द्वानी शोरूम से निकलकर घर भी नहीं पहुंचे एक्सीडेंट में चली गई दो की जान, दो घायल
उत्तराखंड - नई कार खरीदने की खुशी लेकर लौट रहे चंपावत निवासी शिक्षक के लिए वही कार काल बन गई। मंगलवार देर रात नानकमत्ता दहला रोड स्थित हाईवे पर दो कारों की आमने-सामने की भिड़ंत में चंपावत निवासी शिक्षक समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है।
जानकारी के अनुसार, चंपावत के माडली निवासी शिक्षक संजय पांडे (41) पुत्र भुवन पांडे जीआईसी बालातड़ी में तैनात थे। बताया जा रहा है कि वह अपने साथी शिक्षक चंद्रप्रकाश जोशी के साथ नई कार खरीदने हल्द्वानी गए थे। देर रात नई कार लेकर लौटते समय नानकमत्ता हाईवे पर सामने से आ रही तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर कार से उनकी भिड़ंत हो गई।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहनों के आगे के हिस्से पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे में शिक्षक संजय पांडे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके साथी चंद्रप्रकाश जोशी घायल हो गए। दूसरी कार में सवार दीपान्त सिंघल (24) पुत्र पवन कुमार सिंघल निवासी आवास विकास कॉलोनी, किच्छा की भी उपचार के दौरान मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को 108 एंबुलेंस की सहायता से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सितारगंज पहुंचाया गया। हादसे में घायल मनप्रीत सिंह (27) निवासी किच्छा और चंद्रप्रकाश जोशी का उपचार चल रहा है। पुलिस के अनुसार, हादसा मंगलवार रात करीब 10:30 बजे हुआ। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए खटीमा मोर्चरी भेज दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।
शिक्षक संजय पांडे अपने पीछे पत्नी, तीन बच्चों, माता-पिता और दादी को छोड़ गए हैं। वह भजन गायकी के लिए भी क्षेत्र में जाने जाते थे। उनके निधन की खबर से चंपावत क्षेत्र में शोक व्याप्त है।