नैनीताल - कबाड़ गोदाम में भीषण आग, चार घंटे की मशक्कत के बाद काबू, दूसरे फायर स्टेशन से मंगवानी पड़ी गाड़ी
नैनीताल - रामनगर में सोमवार देर रात गैस गोदाम के सामने स्थित एक कबाड़ गोदाम में अचानक भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि कुछ ही मिनटों में पूरा गोदाम आग की चपेट में आ गया। घटना की सूचना मिलते ही फायर स्टेशन रामनगर की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मेहनत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया।
रात करीब सूचना मिलते ही फायर टीम सक्रिय -
फायर स्टेशन रामनगर को देर रात वसीम नामक व्यक्ति ने सूचना दी कि गैस गोदाम के सामने स्थित कबाड़ गोदाम में आग भड़क उठी है। फायर निरीक्षक सुशील कुमार के नेतृत्व में टीम तुरंत मौके पर पहुंची। आग इतनी भीषण थी कि आसपास के क्षेत्र को भी खतरा होने लगा था। गैस गोदाम की नजदीकी होने के चलते हादसा बड़ा रूप ले सकता था, लेकिन फायर टीम ने स्थिति को संभाल लिया।
चार घंटे चला रेस्क्यू, काशीपुर से भी बुलानी पड़ी गाड़ी -
स्थिति गंभीर देखते हुए रामनगर स्टेशन की सभी फायर यूनिटों को मौके पर लगाया गया और काशीपुर फायर स्टेशन से एक अतिरिक्त दमकल वाहन भी मंगवाया गया। फायर निरीक्षक सुशील कुमार ने बताया कि तेज हवाओं और कबाड़ सामग्री की अधिकता के कारण आग तेजी से फैल रही थी, लेकिन लगभग चार घंटे की लगातार मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया।
बड़ा आर्थिक नुकसान, जनहानि नहीं -
अग्निकांड में गोदाम मालिक को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है, हालांकि राहत की बात यह रही कि किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। आग लगने का कारण अभी स्पष्ट नहीं है, लेकिन प्रथम दृष्टया शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है। फायर विभाग और पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और वास्तविक कारण रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएंगे।
सुरक्षा मानकों का पालन जरूरी -
फायर निरीक्षक सुशील कुमार ने बताया कि ऐसे इलाकों में सुरक्षा मानकों का पालन बेहद आवश्यक है, खासकर जहां कबाड़ या ज्वलनशील सामग्री रखी जाती है। यह घटना आग सुरक्षा के प्रति गंभीर चेतावनी है कि लापरवाही बड़े हादसे का कारण बन सकती है।