नैनीताल - ज्योलिकोट में बड़ा हादसा, लखनऊ के पर्यटकों की टवेरा 40 मीटर गहरी खाई में गिरी, मची चीख पुकार 
 

 

नैनीताल - नैनीताल घूमने आए लखनऊ के छह पर्यटकों की खुशियां उस समय चीख-पुकार में बदल गईं, जब वापसी के दौरान उनकी टवेरा कार ज्योलिकोट के पास अनियंत्रित होकर करीब 40 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में चालक समेत दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि चार अन्य पर्यटकों को भी चोटें आई हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद सभी घायलों को खाई से बाहर निकाला। गंभीर रूप से घायल दो लोगों को 108 एंबुलेंस से उपचार के लिए सुशीला तिवारी अस्पताल हल्द्वानी भेजा गया है।

जानकारी के अनुसार लखनऊ के गोमतीनगर निवासी सिद्धार्थ प्रताप सिंह (24), निखिल त्रिपाठी (20), आदित्य त्रिपाठी (24), सिद्धांत सिंह (23), आदर्श मिश्रा (23) और निखिलेंद्र सिंघल (23) नैनीताल घूमने आए थे। बृहस्पतिवार सुबह सभी पर्यटक हल्द्वानी निवासी चालक संग्राम सिंह के साथ टवेरा वाहन संख्या यूके 04 टीबी 3870 से काठगोदाम की ओर लौट रहे थे।

बताया गया कि ज्योलिकोट नंबर एक से कुछ आगे पहुंचते ही वाहन अचानक अनियंत्रित हो गया और सड़क से नीचे खाई में जा गिरा। करीब 40 मीटर नीचे गिरने के बाद वाहन के दुर्घटनाग्रस्त होते ही उसमें सवार पर्यटकों में चीख-पुकार मच गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने रस्सियों और अन्य उपकरणों की मदद से रेस्क्यू अभियान चलाया और सभी घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला।

एएसआई सुनील कुमार ने बताया कि हादसे में वाहन चालक संग्राम सिंह और पर्यटक निखिलेंद्र सिंघल गंभीर रूप से घायल हुए हैं। दोनों को तत्काल अस्पताल भेजा गया है। अन्य चार पर्यटकों को भी चोटें आई हैं, जिनका उपचार कराया जा रहा है। नैनीताल की खूबसूरत वादियों में घूमने आए पर्यटकों के लिए वापसी का सफर अचानक हादसे में बदल गया। गनीमत रही कि समय पर राहत और बचाव कार्य शुरू होने से सभी को खाई से बाहर निकाल लिया गया।