नैनीताल - लेक ब्रिज चुंगी टेंडर मामले की जांच के लिए कमेटी गठित, डीएम ने दो सप्ताह में मांगी रिपोर्ट
नैनीताल - नगर पालिका परिषद नैनीताल की लेक ब्रिज चुंगी निविदा प्रक्रिया को लेकर उठे विवाद के बाद जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने जांच समिति गठित कर दी है। समिति को पूरे प्रकरण की जांच कर दो सप्ताह के भीतर निष्कर्षों सहित रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। जिलाधिकारी ने आदेश जारी करते हुए बताया कि विभिन्न माध्यमों से जानकारी मिली है कि नगर पालिका परिषद नैनीताल द्वारा लेक ब्रिज चुंगी के संबंध में की गई निविदा का आम जनता द्वारा विरोध किया जा रहा है। जनभावनाओं और विरोध प्रदर्शनों को देखते हुए मामले की निष्पक्ष जांच कराने का निर्णय लिया गया है।
जांच समिति में उप जिलाधिकारी नैनीताल, उप निदेशक वित्त, डॉ. आरएस टोलिया उत्तराखंड प्रशासन अकादमी नैनीताल और अधिशासी अभियंता प्रांतीय खंड लोक निर्माण विभाग नैनीताल को शामिल किया गया है। समिति को निविदा प्रक्रिया से जुड़े विभिन्न बिंदुओं की जांच करनी होगी। इसमें यह देखा जाएगा कि तकनीकी निविदा अधिप्राप्ति नियमावली के अनुसार प्रक्रिया पूरी की गई या नहीं। इसके अलावा निविदा की सेवा शर्तों, नियमों और निर्धारित प्रक्रियाओं का पालन हुआ या नहीं, इसकी भी जांच की जाएगी।
इसके साथ ही नगर पालिका परिषद अधिनियम 1916 की धारा 96 के प्रावधानों के तहत नगर पालिका बोर्ड बैठक की वैधता और उसमें लिए गए निर्णयों की भी समीक्षा की जाएगी। जिलाधिकारी ने जांच समिति के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि निर्धारित समय सीमा के भीतर जांच पूरी कर रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए, ताकि मामले में आगे की कार्रवाई की जा सके।